
भोपाल। भोपाल लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह 19 अप्रैल को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के दौरान उन्होंने कहा कि 19 अप्रैल को नामांकन सादगी के साथ भरा जाएग। उन्होंने एक बार फिर आरोप लगाया कि भोपाल सीट पर जीत दर्ज करने के बाद भाजपा नेता न तो विकास कराते हैं और न ही लोगों से मिलते हैं। दिग्विजय सिंह 21 अप्रैल को भोपाल लोकसभा सीट के लिए अपना विजन डॉक्यूमेंट जारी करेंगे।
दिग्विजय के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करने पहुंचे सुबोधानंद महाराज ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग पूछते हैं कि दिग्विजय हिंदू हैं या नहीं। उन्हें पता होना चाहिए जिनके माता-पिता हिंदू होते हैं वह हिंदू होता है और जो हिंदू होता है वही नर्मदा परिक्रमा कर पाता है।
कार्यक्रम में मौजूद पूर्व राज्यपाल व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजीज कुरैशी ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि जब जम्मू-कश्मीर पर आक्रमण हुआ था तो भारत की सेना ने नहीं बल्कि शेख अब्दुल्ला की कश्मीर मिलिट्री ने रक्षा की थी। पंडित जवाहरलाल नेहरू ने कश्मीर के महाराज के कहने पर समझौता किया था। जो अब वहां की स्थानीय समस्या का कारण है। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि यदि दिग्विजय सिंह 1 लाख वोटों से नहीं जीते तो वे राजनीति छोड़कर घर बैठ जाएंगे।