मण्डलीय सरस आजीविका मेला का फतेहपुर में हुआ शुभारंभ।

By | February 16, 2024

(ब्यूरो रिपोर्ट, समाचार भारती)

फतेहपुर.   फतेहपुर जिले के शहर स्थित ठाकुर युगराज सिंह महाविद्यालय में आयोजित मण्डलीय सरस आजीविका मेला का केन्द्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने फीता काटकर शुभारंभ किया। इस मेले में प्रयागराज, कौशाम्बी, प्रतापगढ़ और फतेहपुर की राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के स्वयं सहायता समूहों द्वारा उनके उत्पादों को स्टालों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। केन्द्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति समेत उपस्थित विधायक और अधिकारियों ने लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया। उन्होंने समूह की सफल महिलाओं से उनके जीवन में हुए परिवर्तन के बारे में उनकी कहानी उनकी जुबानी सुनी। इस मण्डल स्तरीय आजीविका सरस मेला में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र का वितरण भी किया गया। साध्वी निरंजन ज्योति ने बताया कि मण्डल स्तरीय सरस मेला का आयोजन था जिसमें प्रयागराज, कौशाम्बी, प्रतापगढ़ और फतेहपुर जिले की दीदियां सम्मलित हुई।

उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से जो महिलाएं आगे नहीं बढ़ पा रही हैं उन्हें समूह से जुड़ी महिलाओं की सफलता की कहानी से प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि समूह से जुड़कर महिलाएं बैंक सखी और विद्युत सखी में काम करके आत्मनिर्भर हो रही हैं। प्रधानमंत्री ने समूह की महिलाओं को महत्वपूर्ण योजना दी है जिसमें अभी 15 हज़ार ड्रोन दीदियों और कुल 30 हज़ार महिलाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि देश की आधी आबादी को सशक्तिकरण करने के लिए स्वयं सहायता समूह की महिलाएं आत्मनिर्भर हो रही हैं। अंतरिम बजट में तीन करोड़ दीदियों को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें सवा करोड़ दीदियां लखपति बन चुकी हैं। यह मण्डलीय सरस आजीविका मेला महिलाओं को सशक्त बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।