
अभिषेक गौड़ (समाचार भारती)
अयोध्या. राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद देश-विदेश से श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। इस क्रम में गुरुवार को गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के नेतृत्व में गोवा कैबिनेट रामलला का दर्शन करने अयोध्या पहुंची। इस दल में कुल 51 सदस्य शामिल थे, जिनमें सभी मंत्री और विधायक शामिल थे। राजर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट अयोध्या पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गोवा प्रदेश से आए अतिथियों की सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया था। एयरपोर्ट पर योगी सरकार के मंत्री सतीश शर्मा, अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने गोवा के मुख्यमंत्री व अन्य मंत्रियों व विधायकों का माला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद सभी लोगों ने अयोध्या पहुंचकर रामलला का दर्शन पूजन किया। सभी लोग रामलला का दर्शन कर काफी खुश व उत्साहित दिखे। जय श्रीराम के नारों से मंदिर गूंज उठा। मंदिर ट्रस्ट की ओर से सभी लोगों को प्रसाद दिया गया।
सीएम प्रमोद सावंत ने कहा कि वे राम मंदिर आंदोलन में दो बार कारसेवा कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि आज पूरी कैबिनेट के साथ अयोध्या आना उनके लिए सौभाग्य की बात है। 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दिन पूरे गोवा का माहौल राममय था। सीएम सावंत ने कहा कि राम मंदिर बनने के कारण ही वे लोग अयोध्या आ पाए हैं। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी, सीएम योगी आदित्यनाथ और राम मंदिर ट्रस्ट का आभार व्यक्त किया। उन्होंने घोषणा की कि गोवा को मुख्यमंत्री दर्शन योजना के तहत अयोध्या से जोड़ा जाएगा, जिससे वहां के लोग रामलला का दर्शन आसानी से कर सकेंगे। सीएम सावंत ने कहा कि यदि योगी सरकार भूमि उपलब्ध कराए तो वे अयोध्या में गोवा भवन जरूर बनवाना चाहेंगे। उन्होंने कहा कि अब तो यहां आना-जाना लगा ही रहेगा, ऐसे में यहां गोवा भवन बनना आवश्यक है।