कान्फ्रेंस का किया शुभारंभ, केजीएमयू में संसाधनों की कमी नहीं होने दी जाएगी : ब्रजेश पाठक

By | February 9, 2024

राजेश गौतम (मुख्य संवाददाता)

लखनऊ.  किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में क्रिटिकल केयर मेडिसिन पर आयोजित कान्फ्रेंस में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा की  केजीएमयू प्रदेश का सबसे बड़ा मेडिकल संस्थान है। यहां आईसीयू से लेकर क्रिटिकल केयर मेडिसिन की सुविधा है। गंभीर मरीजों को भर्ती कर उनकी जिंदगी बचाई जा रही है। डॉक्टरों को जन उपयोगी शोध करने और नई तकनीक अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। संसाधनों की कमी नहीं होने दी जाएगी। सरकार हर स्तर पर केजीएमयू की मदद करेगी।

डिप्टी सीएम ने कहा केजीएमयू में प्रदेश भर से गंभीर मरीज इलाज के लिए आते हैं। डॉक्टर मरीजों का आधुनिक चिकित्सा विधियों से इलाज कर रहे हैं। डॉक्टर-कर्मचारियों की कड़ी मेहनत से केजीएमयू लगातार बुलंदियों को छू रहा है। दुनिया में केजीएमयू का नाम है और इसे और आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी हमारी है। डिप्टी सीएम ने कान्फ्रेंस में भाग ले रहे डॉक्टरों से कहा की शोध और विशेषज्ञों की सिफारिश के आधार पर रिपोर्ट तैयार करें। मरीज हित में रिपोर्ट सरकार को सौंपें। और उसी आधार पर सरकार आगे के कदम उठाएगी।

केजीएमयू कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद ने कहा क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग प्रिसिजेन मेडिसिन को लेकर आगे बढ़ रहा है जिससे इसका सीधा फायदा मरीजों को होगा। क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष डॉ. अविनाश अग्रवाल ने कहा की प्रत्येक मरीज की रोगों से लड़ने की अपनी क्षमता होती है। हर मरीज पर बीमारी के हमले का तरीका अलग होता है। ऐसे में मरीज का इलाज एक जैसा नहीं होना चाहिए। प्रत्येक मरीज के लक्षण और शारीरिक क्षमताओं को देखकर ही इलाज तय करना चाहिए। यह कान्फ्रेंस मरीजों की बेहतर देखभाल के लिए महत्वपूर्ण है। कान्फ्रेंस में देश भर के जाने-माने डॉक्टर और विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं। कान्फ्रेंस में क्रिटिकल केयर मेडिसिन के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जा रही है। कान्फ्रेंस का मकसद मरीजों की देखभाल में सुधार करना है।