
(रिपोर्ट – मोनिका दुबे)
आगरा. 32 वां अंतरराष्ट्रीय ताज महोत्सव का आगरा में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ रविवार की शाम को आगाज हुआ। यह महोत्सव 18 से 27 फरवरी तक चलेगा। इस बार महोत्सव का थीम “विकसित भारत के संकल्प संग, ताज महोत्सव के संग” है। इसका उद्घाटन पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल द्वारा किया गया। महोत्सव में देश भर से 375 से अधिक शिल्पी अपनी कला और संस्कृति का प्रदर्शन कर रहे हैं। पहले दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत ब्रज के कलाकारों द्वारा मयूर नृत्य, चरकुला नृत्य और फूलों की होली की प्रस्तुति से हुई। बाद में बॉलीवुड सिंगर जावेद अली ने अपनी प्रस्तुति से लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
उद्घाटन अवसर पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि यह महोत्सव संस्कृति और समृद्धि के थीम पर आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि कोई भी देश या प्रदेश जो अपनी विरासत को नहीं संभाल पाता, वह तरक्की नहीं करता। यूपी सरकार विरासत के संरक्षण और अपनी संस्कृति को विदेश तक पहुंचाने का लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर का निर्माण और काशी में नंदी बाबा का सींग हिलना भारत की संस्कृति की समृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आगरा के विकास को बहुत आगे ले जाना है और राम मंदिर के बाद अब बृज का कायाकल्प कृष्ण के साथ होगा।
32 वां अंतरराष्ट्रीय ताज महोत्सव कला, शिल्प, संस्कृति और व्यंजन का संगम है। यह महोत्सव आगरा के विकास और भारत की संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। ताज महोत्सव हर साल फरवरी में आयोजित किया जाता है। यह महोत्सव ताजमहल और आगरा की अन्य ऐतिहासिक इमारतों को बढ़ावा देने के लिए आयोजित किया जाता है। इस महोत्सव में देश-विदेश से पर्यटक भाग लेते हैं। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा, ताजमहल दुनिया के सात अजूबों में से एक है और भारत का सबसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है। ताज महोत्सव आगरा के पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।