
(ब्यूरो रिपोर्ट समाचार भारती )
आगरा. राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा रविवार 25 फ़रवरी को आगरा पहुंची। यात्रा की शुरुआत टेढ़ी बगिया तिराहे पर बाबा साहब डॉ भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यापर्ण कर की गई। इस दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रोड शो में भाग लिया। रोड शो में भारी संख्या में लोगों ने भाग लिया और राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव का जोरदार स्वागत किया। राहुल गांधी ने कहा “मैं, प्रियंका और अखिलेश मिलकर नफरत को मिटाने निकले हैं। यह देश मोहब्बत का है। पहली लड़ाई नफरत को खत्म करने की है। नफरत को मोहब्बत से मिटाएंगे।” “लोगों ने मुझसे कहा कि इस नफरत का कारण अन्याय है। गरीबों और महिलाओं पर अन्याय हो रहा है। इसलिए हमने भारत जोड़ो यात्रा में अन्याय जोड़ दिया है।” अखिलेश यादव ने कहा “आगरा मोहब्बत के नाम से दुनिया में जाना जाता है। इस शहर से मोहब्बत भर कर ले जाएं और पूरे देश में बांटें। देश और प्रदेश में किसानों पर अन्याय हो रहा है।”
प्रियंका गांधी ने कहा”आज बहुत खुशी का दिन है। क्योंकि एक बार फिर 7 साल बाद अखिलेश और राहुल साथ आए हैं।” यह रोड शो कांग्रेस, सपा और अन्य विपक्षी दलों के लिए एकजुटता का प्रतीक माना जा रहा है। यह यात्रा 20 मार्च 2024 को मुंबई में समाप्त होगी। राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा सरकार ने देश में नफरत और डर का माहौल बना दिया है। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा का उद्देश्य देश को एकजुट करना और न्यायपूर्ण समाज का निर्माण करना है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों, मजदूरों और गरीबों के खिलाफ है। प्रियंका गांधी ने कहा कि महिलाओं पर अत्याचार बढ़ रहे हैं और भाजपा सरकार महिलाओं की सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। यह यात्रा भारतीय राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटना है और इसका देश के भविष्य पर बड़ा प्रभाव पड़ सकता है।