
भोपाल लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आज अपना नामांकन पत्र कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष दाखिल किया। पर्चा भरने से पहले सुबह वो झरनेश्वर मंदिर पहुंचे, यहां दर्शन के बाद उन्होंने शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती का आशीर्वाद लिया। इस दौरान पत्नी अमृता राय और भाई लक्ष्मण सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे। इसके बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेश पचौरी के घर से वो पैदल ही नामांकन दाखिल करने के लिए निकल पड़े थे। इस दौरान नगरीय विकास एवं आवास मंत्री जयवर्धन सिंह, सहकारिता मंत्री डॉ गोविंद सिंह और कई प्रदेश पदाधिकारी भी मौजूद थे।
इसके पूर्व सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी के निवास पर पहुंचे और वहां बड़ी संख्या में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं से चर्चा की। यहां से सिंह अपना नामांकन पत्र दाखिल करने सीधे कलेक्ट्रेट पहुंचे। नामांकन दाखिल करते समय सिंह के साथ जिला निर्वाचन अधिकारी के कक्ष में प्रदेश कांगे्रस की मीडिया अध्यक्ष श्रीमती शोभा ओझा, मंत्री जयवर्धनसिंह, एडवोकेट विनीत गोधा और विकास जैन उपस्थित थे। सिंह के नामांकन दाखिल कार्यक्रम में मंत्रीगण आरिफ अकील, पी.सी. शर्मा, जयवर्धन सिंह, पूर्व सांसद रामेश्वर नीखरा, लक्ष्मण सिंह (विधायक), प्रताप भानु शर्मा, विधायक आरिफ मसूद, शहर एवं जिला कांगे्रस अध्यक्ष कैलाश मिश्रा और अरुण श्रीवास्तव, नरेश ज्ञानचंदानी, जयश्री हरिकरण, सुखलाल ठाकुर और भोपाल नगर निगम के समस्त कांगे्रस पार्षदों सहित बड़ी संख्या में कांगे्रस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कुर्मी समाज के सम्मेलन में पहुंचे दिग्विजय सिंह
पूर्व मुख्यमंत्री और भोपाल लोकसभा के कांगे्रस प्रत्याशी श्री दिग्विजय सिंह ने आज भोपाल में आयोजित कुर्मी पटेल समाज के सम्मेलन में पहुंचकर समाज के लोगों को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आप लोगों ने 1989 से 2019 तक भाजपा को मौका दिया है, एक मौका मुझे भी देकर देखें। मैं आपकी भावनाओं पर खरा उतरूंगा। उन्होंने कहा कि एक बार जिसके साथ जुड़ जाता हूं, उसका साथ कभी नहीं छोड़ता। मैंने हमेशा परिवारों को जोड़ा है आप लोगों ने मौका दिया तो आप लोगों की सुविधाओं की लड़ाई मैं लडूंगा।
सिंह ने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बेरोजगारी खत्म नहीं हुई, गरीबी मिटी नहीं। नोटबंदी से काम धंधे जरूर खत्म हो गए, काला धन आया नहीं, केवल धर्म के नाम पर मोदी सरकार वोट बटोरना चाहती है।
सिंह ने उज्वला योजना को झूठ करार देते हुए कहा कि गैस सिलेण्डर की पहली टंकी और कनेक्शन फ्री नहीं मिलता, बल्कि लोन पर मिलता है। भाजपा इस योजना का झूठा प्रचार कर रही है। सिंह ने बैठक में आये सभी लोगों को आगाह करते हुए कहा कि वोट पाने के लिए भाजपा द्वारा आपके बीच झूठ बोला जाएगा, उससे सतर्क रहना। कार्यक्रम के आयोजक रूद्र पटेल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामनरेश त्रिपाठी सहित समाज के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे। उक्त जानकारी प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता फिरोज सिद्दीकी ने दी है।
न्यू मार्केट पहुंचकर व्यापारियों से दिग्विजय सिंह ने किया संवाद
पूर्व मुख्यमंत्री भोपाल लोकसभा के कांगे्रस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह आज न्यू मार्केट स्थित व्यापारियों के पास पहुंचें और उनसे भेंट कर संवाद किया। सिंह का स्वागत करने हुए व्यापारियों ने कहा कि पूरे न्यू मार्केट में लगभग 1200 दुकानें हैं और व्यापारी सम्मान और स्वाभिमान चाहते हैं। इस पर सिंह ने कहा कि मेरे मुख्यमंत्री रहते मैंने इंस्पेक्टर राज खत्म किया था। केंद्र की भाजपा सरकार भय और दहशत का माहौन निर्मित कर रही है। प्रदेश में कमलनाथ जी प्रेम और सद्भाव की सरकार चला रहे है। व्यापार और व्यापारियों को फलने-फूलने के लिए अच्छा वातावरण देना होगा।
सिंह ने न्यू मार्केट में व्यापारियों से कहा कि यदि उन्हें कोई परेशानी है तो उसका हल निकलना चाहिए। सांसद रहते में व्यापारियों से निरंतर संवाद करता रहूंगा और उनकी परेशानियों में हमेशा उनके साथ खड़ा रहूंगा।