लोकसभा चुनाव : भोपाल में 65 फीसदी से ज्यादा मतदान, दिग्विजय सिंह वोट डालने नहीं जा पाए राघौगढ़

By | May 12, 2019

भोपाल. मध्य प्रदेश की 8 संसदीय सीटों पर चुनाव चल रहे हैं। देश की सबसे चर्चित सीटों में से एक भोपाल संसदीय सीट पर 65 फीसदी से ज्यादा मतदान हो चुका है। यहां पर छिटपुट विवादों के बाद मतदान शांति पूर्ण तरीके से हुआ। अंतिम आंकड़े रात तक आ जाएंगे। दूसरी तरफ दिग्विजय सिंह ने कम वोटिंग पर नाराजगी जाहिर की है। खासकर उत्तर और मध्य में हुए मतदान से वह असंतुष्ट नजर आए।

चुनाव की खास बात ये रही है कि कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह भोपाल में अपनी व्यस्तता की वजह से राघौगढ़ अपना वोट डालने नहीं जा पाए। वह मतदान केंद्रों पर सुबह से घूमते रहे। वहीं, भोपाल में भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर सुबह सबसे पहले मंदिर पहुंची और वहां दर्शन करने के बाद पोलिंग बूथ पहुंचकर मतदान किया।

mayor

महापौर की शिकायत करेगी कांग्रेस 

सुबह भोपाल के महापौर आलोक शर्मा अपने परिवार के साथ भोपाल उत्तर विधानसभा के एक पोलिंग बूथ पर वोट डालने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कमल के फूल वाला बैच अपने कपड़े पर लगाया हुआ था। इतना ही नहीं उन्होंने केसरिया गमछा भी कंधे पर रखा था। इसका एक वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस हरकत में आई है और चुनाव आयोग से महापौर आलोक शर्मा की शिकायत करने जा रही है।

कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा के मुताबिक, “भोपाल के महापौर आलोक शर्मा भाजपा का चुनाव चिन्ह लगाकर मतदान किया है। वो पार्टी का चिन्ह लेकर बूथ के अंदर गए थे। जबकि निर्वाचन आयोग के नियमों के मुताबिक मतदान केंद्र के अंदर और आस-पास भी प्रचार सामग्री या प्रचार करना प्रतिबंधित है। ऐसे में उन्होंने नियमों का उल्लंघन किया है।”

gaurd

मशीन में खराबी के कारण वोटिंग में रुकावट 
भोपाल में बूथ क्रमांक 154, 348 बरकतउल्ला विश्वविद्यालय की वोटिंग मशीन में खराबी आने की वजह से वोटिंग समय पर शुरू नहीं हो सकी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी वीएल कांताराव ने चार इमली में वोट डाला, इस दौरान उन्होंने कहा कि मॉक पोल के दौरान गड़बड़ी मिलने पर 100 मशीनों को बदला गया है, उन्होंने बताया कुछ मतदान केंद्रों पर 5-10 मिनट की देरी भी हुई। भोपाल में बूथ क्रमांक 217, 218, 219, 220 पर भी मतदान समय पर शुरू नहीं हो सका है, यहां सुबह मतदाताओं की लंबी कतार लगी है।

loksabha chunav

सुबह से उमड़ी मतदाताओं की भीड़
भोपाल के गोविंदपुरा, विवेकानंद मतदान केंद्र कें बाहर सुबह से ही पर्ची के लिए मतदाताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। इस चुनाव में 32 हजार 909 मतदाता पोस्टल बैलेट से अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। 3600 से अधिक मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग और सीसीटीवी कैमरों से नजर जा रही है। आयोग ने नॉन फोर्स मेजर के तहत 20 फीसदी मतदान केंद्रों पर निगरानी के निर्देश दिए हैं। 206 क्यू लैस मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं।

bhopal

हांगकांग से आकर दिया वोट
भोपाल में भावना और मनीष भवनानी ने हांगकांग से आकर शाहपुरा ए सेक्टर पोलिंग बूथ पर मतदान किया। दिव्यांग सुखसागर बथले ने गोंविदपुरा विधानसभा क्षेत्र के आईटीआई मतदान केंद्र नंबर 100 पर वोट दिया, इनके लिए कैब उपलब्ध कराई गई थी। मनीष और भावना दोनों ही इंजीनियर हैं। मनीष के पिता हरीश भवनानी भोपाल सिटीजन फोरम के संयोजक हैं। भवनानी ने बताया कि उनके बेटे बहु वोट करने के बाद शाम की फ्लाइट के लिए निकल गए। भोपाल से बेंगलुरु से होते हुए हांगकांग जाएंगे। दोनों ही भोपाल के 98 बैच के पास आउट हैं।

भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में विवाद
भोपाल के विवेकानद मतदान केंद्र में कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता में विवाद हो गया। कांग्रेस का आरोप है कि मतदान केंद्र परिसर में भाजपा को वोट देने के साथ 2 नंबर बटन दबाने के लिए जोर दिया जा रहा था। मतदाताओं का नाम पता भी नोट किया जा रहा था। इस दौरान कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं में जमकर विवाद हुआ। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए थे, इसके बाद भाजपा एजेंट को मतदान केंद्र से बाहर किया गया।

IAS

गोविंदपुरा क्षेत्र में विवाद 
गोविंदपुरा विधानसभा के बूथ क्रमांक 275 भोपाल पब्लिक स्कूल में साइन मैच ना होने के कारण एजेंट को बैठने नहीं दिया गया। बूथ क्रमांक 343 आरआरएल गोविंदपुरा विधानसभा मशीन काम नहीं कर रही। बूथ क्रमांक 132 इंद्रपुरी में मतदान बहुत धीरे चल रहा है। इरिगेशन बूथ क्रमांक 129 की मशीन बंद है।

सीहोर के जैत में शिवराज ने परिवार सहित डाला वोट
सीहोर में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने गृहग्राम जैत में मतदान किया। पोलिंग बूथ नंबर 24 पर वे अपने परिवार सहित पहुंचे, उनके साथ धर्म पत्नी साधना सिंह, बेटे कार्तिकेय और कुणाल ने भी मतदान किया। मतदान से पहले उन्होंने अपने कुल देवी-देवता की पूजा-अर्चना की।

shivraj

मतदान को लेकर जबरदस्त उत्साह 

  • पुलिस महानिदेशक विजय कुमार सिंह ने 74 बंगला क्षेत्र में स्थित मतदान केन्द्र पर मतदान किया। विजय कुमार सिंह सपरिवार मतदान करने पहुंचे थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा मतदान राष्ट्र के प्रति प्रत्येक नागरिक कामहत्वपूर्ण कर्तव्य है।
  • भारत निर्वाचन आयोग के पूर्व मुख्य निर्वाचन आयुक्त ओ पी रावत ने सपत्नी भोपाल के बाग सेवनिया स्थित राष्ट्रीय संस्कृत संस्थान के मतदान केंद्र में मताधिकार का प्रयोग किया।
  • चुनाव आयोग की तरफ मध्य प्रदेश की स्वीप आइकन बनाई गईं टीवी एक्ट्रेस दिव्यांका त्रिपाठी अपनी मां के साथ वोट डालने पहुंचीं।
  • स्पेशल डीजी राजेंद्र कुमार ने परिवार के साथ मतदान किया। भावना और मनीष भावनानी वोट के लिए हांगकांग से आए।
  • पूर्व विधायक जितेंद्र डागा ने परिवार के साथ मतदान किया। उनके साथ पहली बार वोट डालने आई उनकी बेटी आरुषि डागा ने कहा कि ऐसी सरकार चाहिए जो जाति-धर्म से ऊपर उठकर सबके लिए समान विकास करे।
  • आईजी भोपाल जोन जयदीप प्रसाद ने सपरिवार कार्यालय सेक्सन ऑफिस चार ईमली में मतदान किया एवं डीआईजी भोपाल शहर इरशाद वली एवं कलेक्टर भोपाल डॉ. सुदाम खाड़े ने न्यू कैम्पियन हॉयर सेकेंडरी स्कूल शाहपुरा में वोट डाले।
Category: Uncategorized

Leave a Reply