
लखनऊ/गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दरबार लगाया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों की समस्याएं सुनीं। साथ ही उनके निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
इससे पहले बिजली आपूर्ति में गड़बड़ी और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में हीलाहवाली से नाराज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कड़ा रुख अपनाया। महराजगंज के एसडीएम सदर के साथ कुशीनगर के बिजली निगम के दो अधिशासी अभियंताओं को हटा दिया गया।
देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के सीएमओ और डिप्टी सीएमओ से स्पष्टीकरण मांगा गया है। उधर गोरखपुर में बिजली के अंडरग्राउंड वायरिंग में धांधली पर मुख्यमंत्री ने अधिशासी अभियंता एके सिंह, एसडीओ प्रत्युष बल्लभ और अवर अभियंता अरुण चौधरी को निलंबित कर दिया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सुबह कुशीनगर के कलेक्ट्रेट सभागार में गोरखपुर मंडल के तीन जिलों (कुशीनगर, महराजगंज और देवरिया) की समीक्षा की। महराजगंज के एसडीएम सदर सत्यम मिश्रा सवाल का सटीक जवाब नहीं दे सके। इससे नाराज मुख्यमंत्री ने एसडीएम सदर को तत्काल हटाने का निर्देश दिया।