गोमती की सहायक नदी कुकरैल का होगा पुनर्जीवन, दो महीने में तैयार होगी डीपीआर।

By | February 17, 2024

(ब्यूरो रिपोर्ट समाचार भारती)

लखनऊ.   लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने गोमती नदी की सहायक नदी कुकरैल को पुनर्जीवित करने का फैसला किया है। इसके साथ ही अस्ती गांव समेत आसपास के अन्य जल स्रोतों को भी पुनर्जीवित किया जाएगा। एलडीए अध्यक्ष/मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब ने शुक्रवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर दो महीने में पूरे प्रोजेक्ट की डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में मंडलायुक्त ने कहा की सम्पूर्ण कार्य की एकल डीपीआर बनायी जाएगी। सभी सम्बंधित विभागों को इसी के अनुसार अपने-अपने क्षेत्र में कार्य सुनिश्चित कराने होंगे। कुकरैल नदी व आसपास के अन्य जल स़्त्रातों को प्राकृतिक पद्धति से पुनर्जीवित किया जाएगा। पूरा कार्य लेकमैन आॅफ इंडिया आनंद मल्लिगवाड की देखरेख में कराया जाएगा।

मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया की पूरे रूट का टोपोग्राफी व हाइड्रोलाॅजिकल सर्वे करा लिया जाए। कैचमेंट एरिया के साथ-साथ नदी की तलहटी में जमा सिल्ट का भी पता लगाया जाए। नदी में पानी के ठहराव के लिए निर्धारित स्थानों पर चेक डैम बनाने होंगे। नदी में 26 नालों का लगभग 40 एमएलडी पानी आ रहा है। जिसके ट्रीटमेंट की कार्ययोजना बनाने के सम्बंध में मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिये। मंडलायुक्त ने बताया नदी को रास्ता देने के लिए किसान पथ के नीचे से एक पैसेज बनाना होगा। जिन जगहों पर अतिक्रमण हैं, उन्हें भी हटाना होगा। इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत अस्ती गांव में झील व आसपास के अन्य छोटे तालाबों को भी पुनर्जीवित करने का कार्य किया जाना है। बैठक में एलडीए उपाध्यक्ष डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी, नगर आयुक्त इन्द्रजीत सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अभय जैन, लेकमैन आफ इंडिया आनंद मल्लिगवाड, सिंचाई, ग्राम्य विकास व वन विभाग के अधिकारी  उपस्थित थे।