लखीमपुर खीरी को सड़क सुरक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार।

By | February 29, 2024

(रिपोर्ट- धर्मेंद्र सिंह)

लखीमपुर खीरी को वर्ष 2023 में सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर में 18% की कमी लाने के लिए राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार मंगलवार को राजधानी लखनऊ में परिवहन विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित “राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह” के तहत राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में प्रदान किया गया। जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह, पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा, एआरटीओ आलोक कुमार और अधिशासी अभियंता पीडब्लूडी अनिल कुमार यादव को यह पुरस्कार प्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और प्रमुख सचिव एल. वेंकटेश्वर लू द्वारा प्रदान किया गया।

पुरस्कार जिला सड़क सुरक्षा समिति की नियमित बैठकों, सड़क सुरक्षा के संबंध में किए गए कार्यों और वर्ष 2023 में विगत वर्ष के सापेक्ष सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों की संख्या में 18% की कमी के फलस्वरूप प्राप्त हुआ। प्रमुख सचिव परिवहन एल वेंकटेश्वर लू ने परिवहन विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रयासों और कार्यों की सराहना की। उन्होंने जनपद लखीमपुर खीरी के डीएम, एसपी, एआरटीओ और अधिशासी अभियंता पीडब्लूडी को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई दी।

परिवहन आयुक्त चंद्रभूषण सिंह ने कहा कि वर्ष 2023 के सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों के विश्लेषण में यह प्रकाश में आया कि प्रदेश में मृतकों की संख्या में विगत वर्ष 2022 के सापेक्ष जनपद लखीमपुर खीरी में 18%, इटावा में 17.2%, महोबा में 16.5%, हमीरपुर में 11.1% और रामपुर में 9.9% की कमी की उपलब्धि प्राप्त की है। यह पुरस्कार लखीमपुर खीरी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और यह दर्शाता है कि जिला प्रशासन और परिवहन विभाग सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर है और इस दिशा में ठोस प्रयास कर रहा है। यह उम्मीद है कि लखीमपुर खीरी आने वाले वर्षों में भी सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन जारी रखेगा और अन्य जिलों के लिए एक आदर्श बन जाएगा।