बदायूँ में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर मानव श्रृंखला और सड़क सुरक्षा शपथ ली गयी।

By | January 23, 2024

(रिपोर्ट – इशिका सिंह)

उत्तर प्रदेश के बदायूँ जिले में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर मंगलवार को भामाशाह चौराहे से मानव श्रृंखला का निर्माण एवं सड़क सुरक्षा शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में सांसद संघमित्रा मौर्य, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, जिलाधिकारी मनोज कुमार सहित अन्य अधिकारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान सांसद संघमित्रा मौर्य ने कहा कि आमजन को यातायात नियमों के बारे में जागरूक होना चाहिए और उसका पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का प्रयोग करना चाहिए। ओवर स्पीड से गाड़ी चलाना और नशे में गाड़ी चलाना बहुत खतरनाक होता है। इनसे होने वाली दुर्घटनाओं से बचने के लिए हमें इन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

सांसद ने सभी को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। इस शपथ में कहा गया कि मैं यातायात नियमों का पालन करूंगा और सड़क सुरक्षा के लिए अपना सहयोग दूंगा। इस कार्यक्रम के दौरान भामाशाह चौक से दातागंज मोड तक मानव श्रृंखला का निर्माण किया गया। इस श्रृंखला में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साह से भाग लिया। सड़क सुरक्षा एक महत्वपूर्ण विषय है। हम सभी को इस विषय के प्रति जागरूक होना चाहिए और इसका पालन करना चाहिए।