पीलीभीत में महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण पर महिला संगोष्ठी।

By | January 23, 2024

(ब्यूरो रिपोर्ट समाचार भारती)

पीलीभीत में महिला कल्याण विभाग द्वारा नगर पालिका परिषद में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत राष्ट्रीय बालिका सप्ताह के तहत महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण की थीम पर महिला संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

Image of पीलीभीत में महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण पर महिला संगोष्ठी

इस संगोष्ठी में बालिकाओं को स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के बारे में जागरूक करते हुए हाइजीन किट वितरित की गई। इसी क्रम में नगर पालिका अध्यक्ष आस्था अग्रवाल के सौजन्य से जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रगति गुप्ता के द्वारा महिला हेल्प डेस्क की स्थापना नगर पालिका परिषद में कराई गई। इससे महिलाओं व बच्चों को महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित व अन्य विभागो द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त हो सके। नगर पालिका अध्यक्ष ने सभी को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति स्वरूप होती है बस उसे अपनी शक्ति को पहचानने की आवश्यकता है समाज का निर्माण बिना नारी के संभव नहीं है।

उन्होंने बालिकाओं महिलाओं को बताया कि सशक्त होने का मतलब स्वावलंबी होना, स्वतंत्रता से अपने निर्णय लेना या खुलकर बोलना ही नहीं है बल्कि परिवार के दायित्व को पूर्ण करते हुए स्वयं का ध्यान रखते हुए आगे बढ़ना भी है। जिला प्रोबेशन अधिकारी पीलीभीत द्वारा वहां उपस्थित बालिकाओं को राष्ट्रीय बालिका दिवस के महत्व को बताते हुए साइबर क्राइम के प्रति बालिकाओं को जागरूक किया व उनको विभिन्न हेल्पलाइन नंबर जैसे 1930,181,1098 के बारे में बताया गया। इसके साथ ही महिला कल्याण विभाग की पूरी टीम को महिला हेल्प डेस्क हेतु नामित महिलाओं के साथ संपर्क स्थापित करने के निर्देश दिए गए। यह संगोष्ठी महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे महिलाओं एवं बालिकाओं को अपने अधिकारों के बारे में जानकारी मिलेगी और वे अपने जीवन में आगे बढ़ने के लिए सशक्त हो सकेंगी।