खेलो इंडिया सेंटर की तर्ज पर हर ब्लॉक में होगी खेलो यूपी सेंटर की स्थापना, जल्द निर्धारित किया जाएगा बजटः सीएम योगी

By | January 27, 2024

(रिपोर्ट – इशिका सिंह)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के 189 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को 62 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि और 7 पदक विजेता खिलाड़ियों को पुलिस उपाधीक्षक, जिला युवा कल्याण अधिकारी एवं यात्री/माल कर अधिकारी के रूप में नियुक्ति पत्र प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में खेलों का माहौल बदला है। पिछले दस वर्षों में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने एशियन गेम्स में 25 फीसदी मेडल प्राप्त किए हैं। नेशनल गेम्स में भी उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने खेलों के विकास के लिए कई कदम उठाए हैं। हर जनपद में स्टेडियम, हर ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम, हर ग्राम पंचायत में खेल का मैदान और ओपन जिम बनाया जा रहा है।

इसके साथ ही खेल और खिलाड़ियों की प्रोत्साहन राशि में बढ़ोतरी की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश में अग्रणी राज्य है जिसने अब तक 500 से अधिक खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र देकर नौकरी प्रदान कर दी है। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से कहा कि अब आपके लिए बहुत से अवसर हैं। राज्य सरकार ने सिर्फ संसाधन ही नहीं बढ़ाए हैं, बल्कि प्रोत्साहन राशि भी बढ़ाई है। नौकरियां भी दे रहे हैं और अन्य प्रकार की सुविधाओं में भी बढ़ोतरी कर रहे हैं। और भी अच्छे प्रयास किए जाएंगे। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इन कदमों से उत्तर प्रदेश खेलों में सबसे आगे आने वाला है।

इन पदक विजेताओं का हुआ सम्मान————

कांस्य पदकः 75 लाख – किरन बालियान, सीमा पूनिया, गुलवीर सिंह, अर्जुन सिंह, अहबाद अली खुशबू।

रजत पदकः 1.5 करोड़ – अजय कुमार सरोज, कार्तिक कुमार, पुनीत कुमार, नीरज, नीतीश कुमार, अरविंद सिंह, प्राची, वंतिका अग्रवाल।

स्वर्ण पदकः 3 करोड़ – पारुल चौधरी, दीप्ति शर्मा, ललित कुमार उपाध्याय, अखिल श्योराण, अर्जुन देशवाल।

पैराएशियन गेम्स————–

कांस्य पदकः 75 लाख – पुष्पेंद्र सिंह, श्रेयांस त्रिवेदी।

रजत पदकः 1.5 करोड़ – प्रदीप कुमार, सिमरन, जैनब खातून, सूरज सिंह।

स्वर्ण पदकः 3 करोड़ –  सुहास एलवाई, प्रवीण कुमार।

इन्हें मिला नियुक्ति पत्र ———–

दीप्ति शर्मा (क्रिकेट, डिप्टी एसपी), पारुल चौधरी (एथलेटिक्स, डिप्टी एसपी), अखिल श्योराण  (शूटिंग, डिप्टी एसपी), अर्जुन देशवाल (डिप्टी एसपी),  पुनीत कुमार (जिला युवा कल्याण अधिकारी),  प्राची (जिला युवा कल्याण अधिकारी), अर्जुन सिंह यात्री (माल कर अधिकारी)।