G20 Summit: कार से लेकर बुलेट ट्रेन तक, नई ऊंचाइयों पर पहुंचे हैं भारत और जापान के संबंध : पीएम मोदी

By | June 27, 2019

नई दिल्ली। जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए जापान पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि जापान और भारत समय के साथ मजबूत होते आ रहे हैं। इसी संदर्भ में उन्होंने कहा कि दोनों ने कार बनाने के लिये आपस में सहयोग की शुरुआत की थी और अब दोनों मिल कर बुलेट ट्रेन के निर्माण करने जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कोबे शहर में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि जापान ने भारत के आर्थिक विकास में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि भारत अगले पांच साल में पांच लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य लेकर चल रहा है। ऐसे में द्विपक्षीय संबंध पहले से बेहतर होने वाले हैं।

उन्होंने कहा, ‘एक ऐसा समय था जब हम कार बनाने के लिए साथ आए थे और अब हम बुलेट ट्रेन बनाने के लिये एक साथ आए हैं। आज भारत का ऐसा कोई हिस्सा नहीं है जहां जापान की परियोजनाओं या निवेश ने अपना चिह्न नहीं छोड़ा है। इसी तरह भारत की प्रतिभा और श्रमबल ने जापान को मजबूत किया है।’

गौरतलब है कि भारत ने अहमदाबाद से मुंबई के बीच पहली बुलेट ट्रेन चलाने की योजना बनाई है। इसमें जापान की मदद से काम चल रहा है। इस परियोजना का पहला चरण 2022 तक पूरा होने की उम्मीद है। जापान में रह रहे भारतीय मूल के लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया।

Category: Uncategorized

Leave a Reply