
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के अवधपुरी में बुधवार (1 मई) देर शाम एक युवक सीआईडी के डीएसपी गोरेलाल अहिरवार के घर में घुस गया। इसके बाद आरोपी ने गोली मारकर डीएसपी की हत्या कर दी। पुलिस का मानना है कि इस वारदात को पुरानी रंजिश को लेकर अंजाम दिया गया है। आरोपी फेसबुक पर डीएसपी की बेटी का फ्रेंड भी है। वहीं, पुलिस ने देर रात आरोपी को विदिशा से गिरफ्तार भी कर लिया। आरोपी की पहचान हिमांशु सिंह के रूप में हुई है।
छुट्टी पर चल रहे थे डीएसपी : पुलिस के मुताबिक, कुछ दिन पहले डीएसपी गोरेलाल ने बाईपास सर्जरी कराई थी। इस वजह से वह छुट्टी पर चल रहे थे। बुधवार शाम करीब 7:15 बजे हिमांशु सिंह उनके घर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि हिमांशु का गोरेलाल के घर आना-जाना था। जांच में सामने आया है कि पहले हिमांशु और अहिरवार बातचीत कर रहे थे। उस दौरान किसी बात पर उनके बीच विवाद होने लगा।
बहस करने पर टोका तो मार दी गोली : गोरेलाल की बेटी डॉ. अनीता ने बताया कि हिमांशु मेरे पिता से काफी तेज आवाज में बात कर रहा था। मैंने उसे टोका और जाने के लिए कहा। इसके बाद हिमांशु बाहर चला गया। हालांकि, वह तुरंत ही लौट आया और उसने मेरे पिता पर गोली चला दी। इसके बाद वह फरार हो गया।
प्रॉपर्टी विवाद का मामला : पुलिस के मुताबिक, आरोपी हिमांशु की मां हवलदार हैं और वह नेहरू नगर पुलिस लाइन में रहती हैं। जांच में पता चला है कि किसी जमीन को लेकर हिमांशु और गोरेलाल के बीच विवाद चल रहा था। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।