
विदिशा। भारतीय जनता पार्टी के एक नेता पर योगा टीचर को शादी का झांसा देकर बलात्कार का आरोप लगा है। युवती ने जबलपुर में भाजपा नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। फरार होने की स्थिति में पुलिस ने दस हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।
भाजपा के जिला महामंत्री उपेंद्र धाकड़ की गिरफ्तारी के लिए जबलपुर पुलिस ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। धाकड़ की गिरफ्तारी के लिए जबलपुर के महिला थाने से पुलिस विदिशा भेजी गई थी, लेकिन FIR होने के बाद से वह फरार हैं।
जबलपुर एसपी के मुताबिक विदिशा निवासी उपेंद्र धाकड़ के खिलाफ 9 जून को रांझी क्षेत्र निवासी 26 वर्षीय योग शिक्षिका ने महिला थाने में शादी का झांसा देकर बलात्कार करने और धमकी देने का प्रकरण दर्ज कराया था। तब से धाकड़ की तलाश की जा रही है। अब उसकी गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया गया है। धाकड़ के बारे में सूचना देने वाले को यह इनाम दिया जाएगा।
गौरतलब है कि युवती की शिकायत के मुताबिक अभाविप के प्रदेश संगठन मंत्री रह चुका उपेंद्र धाकड़ जो अब भाजपा के विदिशा जिले में महामंत्री है, उसकी पहचान 2013 में रादुविवि से योग में एमए की पढ़ाई के दौरान उक्त युवती से हुई थी। इसके बाद से वह उसे शादी का झांसा देकर लगातार बलात्कार करता रहा। वह गर्भवती हुई तो दबाव डलवाकर गर्भपात तक करवा दिया। इस बीच धाकड़ के घरवालों ने उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी। इसकी जानकारी मिलने पर युवती ने जबलपुर के महिला थाने मे उपेंद्र धाकड़ की FIR दर्ज करा दी।
दो अन्य नेताओं पर भी लगे आरोप
बीजेपी नेता धाकड़ पर रेप के आरोप लगने के बाद संगठन के दो और पदाधिकारियों पर भी यौन शोषण के गंभीर आरोप लग चुके हैं। जबलपुर की एक एबीवीपी कार्यकर्ता ने ही संगठन के दो पदाधिकारियों पर यह आरोप लगाए थे। पीड़ित युवती ने एनएसयूआई के साथ मिलकर जबलपुर में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में यह आरोप लगाए थे। युवती ने एबीवीपी के दो पदाधिकारियों अंकित नेमा और शुभम कौरव पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने का आरोप लगाया था। युवनी ने एक पदाधिकारी शुभम कौरव से अपनी बातचीत की आडियो रिकार्डिंग भी पेश की थी। जिसमें शुभम युवती को पैसे देने के बदले उससे शारीरिक संबंध स्थापित करने की मांग कर रहा था।