बदायूं में शक्ति वंदन अभियान – महिलाओं का सम्मान समारोह आयोजित।

By | February 14, 2024

(ब्यूरो-रिपोर्ट, समाचार भारती)

बदायूं. पंडित दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण एवं स्वालंबन के लिए शक्ति वंदन अभियान-महिलाओं का सम्मान समारोह कार्यक्रम बदायूं के डायट स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार में माध्यमिक शिक्षा विभाग की राज्य मंत्री एवं जनपद की प्रभारी मंत्री गुलाब देवी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह एवं उनके सघों की उपलब्धियां, अपेक्षाएं एवं समूह द्वारा किए जा रहे कार्यों का प्रदर्शन किया गया। मुख्य अतिथि ने महिलाओं को सम्मानित किया और उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे आत्मनिर्भर बनें और समाज में अपना योगदान दें।

मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा महिलाएं जन्म से लेकर बुढ़ापे तक संघर्ष करती हैं। प्रधानमंत्री ने नारी शक्ति को मजबूत बनाने का कार्य किया है। पहले लड़कियों को बोझ समझा जाता था, अब सरकार कन्याओं के शादी-विवाह सहित अन्य प्रकार की जिम्मेदारी स्वयं उठा रही है। कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनोज कुमार, मुख्य विकास अधिकारी दीपेंद्र नाथ, जिला कार्यक्रम अधिकारी शैलेंद्र कुमार, नगर आयुक्त महेंद्र कुमार सिंह, एडीएम प्रशासन रविशंकर शुक्ला, सीएमओ डॉक्टर भूपेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम महिलाओं के सशक्तिकरण एवं स्वालंबन के लिए प्रेरणादायक रहा।