
(ब्यूरो रिपोर्ट समाचार भारती)
बाराबंकी पुलिस ने माफिया मुख्तार अंसारी के करीबी अफरोज की लखनऊ के मदेयगंज थाना क्षेत्र में स्थित दो संपत्तियों को कुर्क कर लिया है। अफरोज खान, मुख्तार अंसारी के गिरोह में चुन्नू के नाम से जाना-पहचाना जाता है। अफरोज ने अपनी पत्नी के नाम से अवैध संपत्ति बना रखी थी। बाराबंकी जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के आदेश पर पुलिस ने यह कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि पुलिस ने मदेयगंज थाना क्षेत्र में अफरोज की करीब 1 करोड़ 45 लाख की संपत्ति को कुर्क कर दिया है।
अफरोज, माफिया डॉन मुख्तार अंसारी का पक्का चेला था। उसकी गिनती मुख्तार के खास चेलों में की जाती थी। मुख्तार के दम पर अफरोज ने काफी पैसा कमाया और कई संपत्तियां खरीदी। अफरोज जो भी संपत्ति खरीदता था, वह उसे अपनी पत्नी के नाम दर्ज करवा देता था। मगर अब अफरोज भी उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के निशाने पर आ गया है।
योगी सरकार द्वारा लगातार मुख्तार अंसारी और उसके गिरोह के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। हालत ऐसे बन चुके हैं कि माफिया मुख्तार के करीबियों पर भी आफत आ पड़ी है। इसी बीच योगी सरकार ने अफरोज के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई की है। यह कार्रवाई मुख्तार अंसारी के गिरोह पर योगी सरकार की बड़ी सख्ती का संकेत है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि योगी सरकार मुख्तार अंसारी और उसके गिरोह को पूरी तरह से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।