विश्व गुरु स्वामी विवेकानंद जी की 161वीं जयंती पर दानवीर वेलफेयर फाउंडेशन का स्वस्थ भारत-सशक्त भारत”अभियान।

By | January 13, 2024

(रिपोर्ट -इशिका सिंह)

लखनऊ में विश्व गुरु स्वामी विवेकानंद जी की 161वीं जयंती के अवसर पर दानवीर वेलफेयर फाउंडेशन ने एक राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान का नाम है “हमारा अभियान: स्वस्थ भारत-सशक्त भारत”। इस अभियान के पहले चरण में एक लाख 51 हजार बच्चों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। सभी को हेल्थ कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, अभियान के अगले चरण में गम्भीर बीमारी से पीड़ित बच्चों के इलाज की व्यवस्था कराई जाएगी।

दानवीर वेलफेयर फाउंडेशन की एक विशेष बैठक में संस्थापक/अध्यक्ष विशाल कुमार सिंह ने बताया कि इस अभियान के तहत प्रथम चरण में पूरे देश में निर्बल, निर्धन परिवार के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। इन बच्चों को हमारी संस्था हेल्थ कार्ड उपलब्ध कराएगी। हमारा अभियान के अगले चरण में गरीब परिवारों के बीमार बच्चों के इलाज की व्यवस्था कराई जाएगी। इसके साथ हमारा अभियान के अंतर्गत गरीब परिवारों में वस्त्र एवं खाद्यान्न वितरण किया जाएगा। सभी सामाजिक कार्य शहर से लेकर गांव तक किये जाएंगे। समस्त कार्य जन सहयोग के आधार पर किये जाएंगे।

इस अभियान के तहत प्रथम चरण में एक लाख 51 हजार बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए उत्तर प्रदेश सहित उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, महाराष्ट्र, गोवा, केरल, तमिलनाडु, बिहार, मध्य प्रदेश, पंजाब, गुजरात व जम्मू कश्मीर राज्यों में टीमें गठित हो चुकी हैं। देश के अन्य राज्यों में टीमों का गठन जारी है। बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिये हर राज्य में अलग-अलग निजी अस्पतालों से अनुबंध जा रहा है। लखनऊ में वागा अस्पताल 5100 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करेगा। राजधानी के कृष्णानगर में मकर संक्रांति से अभियान का शिविर कार्यालय काम करने लगेगा।

अभियान की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समता सिंह बाफिला ने बताया कि पहला “दानवीर स्वास्थ्य शिविर” बख़्शी का तालाब में आयोजित होगा। इसके बाद बंथरा में कैंप लगाकर गरीब बच्चों का मेडिकल चेकअप कराया जाएगा। इसी के साथ यूपी सहित देश के विभिन्न राज्यों में “दानवीर स्वास्थ्य शिविर” लगने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। यह एक सराहनीय पहल है। यह अभियान गरीब परिवारों के बच्चों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह अभियान देश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा। इस अभियान की सफलता के लिए दानवीर वेलफेयर फाउंडेशन को समाचार भारती की तरफ से हार्दिक शुभकामनाएं।