समाजवादी पार्टी का ऐलान, जनसम्पर्क का अभियान 7 से 20 जनवरी 2019 तक!

By | January 5, 2019
ब्यूरो रिपोर्ट समाचार भारती-
 प्रदेश के विकास एवं भावी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और इनके प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश के सभी गांवों तक ‘समाजवादी विकास, विजन एवं सामाजिक न्याय कार्यक्रम‘ 07 जनवरी 2019 से 20 जनवरी 2019 तक आयोजित कर जनसम्पर्क का अभियान छेड़ा जायेगा। विधानसभा क्षेत्रों में समाजवादी पार्टी के पिछड़े वर्ग के नेताओं की टीम गांव-गांव तथा वार्डों में इस बात को भी पहुंचाने का कार्य करेगी कि समाजवादी पार्टी ही ऐसी पार्टी है जो सभी वर्गों के हित करने एवं प्रदेश का विकास कराने में सक्षम है।
        समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी ने बताया है कि इस अभियान के जरिए प्रदेश के मतदाताओं को अवगत कराना है कि भाजपा सरकार का मुख्य एजेंडा प्रदेश के विकास का न होकर समाज में नफरत फैलाना है जबकि उत्तर प्रदेश में श्री अखिलेश यादव के मुख्यमंत्रित्वकाल में प्रदेश का विकास एजेण्डा था। समाजवादी सरकार के कार्यकाल में अद्वितीय विकास योजनाएं लागू हुई। इन योजनाओं के उद्घाटन का उद्घाटन करने में भाजपा सरकार व्यस्त है जबकि अपने पौने दो वर्ष के कार्यकाल में राज्य की भाजपा सरकार किसी बड़ी योजना का शिलान्यास भी नहीं कर सकी। भाजपा की केन्द्र सरकार भी पौने पांच वर्ष में किसी भी वादे पर खरी नहीं उतर सकी। भाजपा की छल एवं धोखा देने की नीति का भी समाजवादी कार्यकर्ता खुलासा करेंगे।
         यह भी एक तथ्य है कि भाजपा द्वारा सामाजिक न्याय देेने के विपरीत पिछड़े वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण को पिछड़ी जाति के विभिन्न वर्गों में बांटने की साजिश हो रही है। एक ओर प्रदेश की 15 प्रतिशत आबादी को 50 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिल रहा है वहीं दूसरी ओर 85 प्रतिशत आबादी के लोगों को केवल 50 प्रतिशत आरक्षण में ही सीमित किया जा रहा है जो न्याय संगत नहीं है। समाजवादी पार्टी का मानना है कि देश की सभी जातियों की जनगणना कर जनसंख्या के आधार पर आनुपातिक आरक्षण देने की व्यवस्था की जाए जिससे सबको हक और सम्मान मिल सकेगा।
        ‘समाजवादी विकास, विजन एवं सामाजिक न्याय कार्यक्रम‘ के अंतर्गत यह बताया जाएगा कि केन्द्र की भाजपा सरकार देश को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा तथा सीमाओं की रक्षा करने में असफल रही है। भाजपा सरकार द्वारा किसानों का पूरा कर्ज माफ करने, प्रत्येक परिवार के खाते में 15 लाख रूपए पहुंचाने, प्रतिवर्ष दो करोड़ नौजवानों को रोजगार देने, भ्रष्टाचार समाप्त करने, किसानों की फसलों का उत्पादन लागत से डेढ़ गुना मूल्य देने तथा मंहगाई कम करने के वादों को नहीं निभाया गया।
        भाजपा सरकारें जहां हर मोर्चे पर विफल रहीं है वहीं श्री अखिलेश यादव ने अपने मुख्यमंत्रित्वकाल में 23 माह की रिकार्ड अवधि में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की 302 किलोमीटर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का निर्माण, लखनऊ में मेट्रो रेल सेवा, एशिया में सबसे बड़े 375 एकड़ के जनेश्वर मिश्र पार्क का निर्माण, 55 लाख गरीब महिलाओं को प्रतिमाह 5 सौ रूपए समाजवादी पेंशन, जिला मुख्यालयों को चार लेन सड़कों से जोड़ने का कार्य, लखनऊ में अमूल डेरी प्लांट की स्थापना, कैंसर अस्पताल का निर्माण, 16 लाख बच्चों को लैपटाॅप वितरण जैसे अद्वितीय कार्य किए गए। समाजवादी सरकार ने बजट का 75 प्रतिशत हिस्सा गांवों, किसानों तथा खेती के विकास कार्यों पर खर्च किया।
         समाजवादी पिछड़ा वर्ग की टीमें गांवों तथा वार्डों में विशेष रूप से पिछड़े वर्ग समाज के भाई, बहनों से अपील करेगी कि तीन माह बाद लोकसभा के होने वाले चुनाव में भाजपा सरकार को हटाने को सभी लोग एकजुट होकर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को जिताने के लिए मतदान करें।
Category: Uncategorized

Leave a Reply