मोदी सरकार के नौ वर्ष पूरा होने पर भाजपा की ओर से चलाये जा रहे जन जागरण अभियान के तहत आयोजित जनसभा

By | June 24, 2023

रिपोर्ट-इशिका सिंह

कुशीनगर। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि महात्मा गांधी के नाम पर कांग्रेस ने केवल राजनीति की, उनके सपने को पूरा नहीं किया। उसको पूरा करने का कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। गांधी जी के स्वच्छता का सपना गांव घर तक साकार हुआ है। अब मां-बहन या भाई खेत में शौच के लिए नहीं जाते है। हर घर में शौचालय है। उन्होंने कहा कि असल में भाजपा सरकार ने राम राज्य का सपना साकार किया है। इसे देश व प्रदेश की जनता भी महसूस कर रही है।

(फाइल फोटो)

उप मुख्यमंत्री शनिवार को कुशीनगर मे थे। वे जिला मुख्यालय रविंद्र नगर के बुद्धा पार्क में मोदी सरकार के नौ वर्ष पूरा होने पर भाजपा की ओर से चलाये जा रहे जन जागरण अभियान के तहत आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गीता प्रेस, जिससे महात्मा गांधी का पुराना नाता रहा है, उसको भाजपा सरकार द्वारा सम्मान दिया गया तो विपक्षी बौखला गए। राजनीति कर रहे हैं, पीएम मोदी पर आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया में भारत की तस्वीर बदली है, अब यह भ्रष्टाचार व घोटालों के लिए नहीं, सुशासन के लिए जाना जाता है। विश्व मोदी को सम्मान की दृष्टि से देख रहा है, यह परे देश की जनता का सम्मान है।

(फाइल फोटो)

पूरी दुनिया मे भारत की बदली है तस्वीर- डिप्टी सीएम

डिप्टी सीएम ने सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले की सरकार में बिजली एक सप्ताह रात व एक सप्ताह दिन में मिलती थी। कुछ जिले ही रोशन रहते थे। अब ऐसा नहीं है। सभी 75 जिलों को समान रूप से बिजली मिल रही है। दम तोड़ती बेसिक शिक्षा की हालात योगी सरकार ने सुधारी है। स्वास्थ्य सुविधा बेहतर हुई है। सडकों का जाल बिछाया गया है। उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक एक्सप्रेस वे हैं।

(फाइल फोटो)

डिप्टी सीएम ने राम मंदिर पर भी सपा को घेरा और कहा कि सपा के लोग वोट मांगने आएं तो पूछना कि क्या आप राम मंदिर का दर्शन करने जनवरी में अयोध्या जाएंगे, वे जवाब नहीं दे पाएंगे। दो विधान, दो निशान को समाप्त करने का भी कार्य मोदी सरकार ने ही धारा 370 हटाकर किया। कहा कि यूक्रेन और सूडान से नागरिकों को सकुशल वापस लाना, भारत की मजबूती को बताता है।

(फाइल फोटो)

गोरखपुर सांसद रवि किशन शुक्ल ने कहा कि 15 जनवरी 2024 को राम मंदिर का उद्घाटन होगा। पहले विरोधी कहते थे कि भाजपा कहती है, मंदिर वहीं बनाएंगे, तारीख नहीं बताएंगे। आज हम भव्य मंदिर भी बना रहे हैं और मंच से तारीख भी बता रहे हैं।