महिला सम्मान बचत पत्र: महिलाओं के सशक्तिकरण और वित्तीय समावेशन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम।

By | February 8, 2024

(रिपोर्ट – इशिका सिंह)

वाराणसी.  आजादी के अमृत काल में महिलाओं के लिए आरम्भ महिला सम्मान बचत पत्र को महिलाओं ने हाथों-हाथ लिया है। 1 अप्रैल, 2023 से आरंभ इस योजना में पूरे उत्तर प्रदेश में दस माह में 72 हजार से ज्यादा महिलाओं ने लगभग 6.36 अरब रूपये का निवेश किया है। इस योजना में वाराणसी परिक्षेत्र ने सर्वाधिक 18,721 महिलाओं के निवेश के साथ रिकॉर्ड बनाया है। वाराणसी कैंट प्रधान डाकघर में महिला कर्मियों के लिए विशेष रूप से तैयार फीडिंग रूम के शुभारंभ अवसर पर उक्त विचार वाराणसी परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने व्यक्त किये।

महिला सम्मान बचत पत्र योजना के लाभ :-

  • आकर्षक ब्याज: 7.5 प्रतिशत का त्रैमासिक चक्रवृद्धि ब्याज
  • लचीला निवेश: न्यूनतम रुपये 1,000/- व अधिकतम रुपये 2 लाख का निवेश
  • आंशिक निकासी का विकल्प:
  • दो साल की अवधि: 31 मार्च, 2025 तक वैध

महिला सशक्तिकरण और वित्तीय समावेशन :-

पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि डाक विभाग महिला सशक्तिकरण और सम्मान के लिए तमाम सुविधाएं प्रदान कर रहा है। ‘महिला सम्मान बचत पत्र’ और ‘सुकन्या समृद्धि योजना’ जैसी योजनायें नारी सशक्तिकरण और वित्तीय समावेशन की दिशा में अहम् भूमिका निभा रही हैं। ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ को मूर्त रूप देते हुए वाराणसी परिक्षेत्र में 3.20 लाख सुकन्या समृद्धि खाते खोले गए हैं। 933 गाँवों में 10 वर्ष तक की सभी बालिकाओं को इस योजना से कवर करते हुए इन्हें ‘सम्पूर्ण सुकन्या समृद्धि ग्राम’ में भी तब्दील कर दिया गया है। महिला सम्मान बचत पत्र महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह योजना महिलाओं को अपनी बचत और निवेश के लक्ष्यों को प्राप्त करने में मदद करेगी।