
ब्यूरो रिपोर्ट समाचार भारती-
मिजोरम विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार का दौर जोरों पर है। राजनीतिक दल प्रचार प्रसार में कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहते। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शुक्रवार को मिजोरम में चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि देश अब कांग्रेस की फूट डालो और शासन करो की नीति को समझ चुका है।
2-3 राज्यों में बच गई है कांग्रेस की ताकत
PM मोदी ने कहा कि कांग्रेस की प्राथमिकता आपलोगों का विकास नहीं, यहां की कुर्सी है। छत्तीसगढ़ से राजस्थान तक भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद के आरोपों से घिरी कांग्रेस यहां भी इसी फॉर्मूले पर चल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ताकत सिर्फ 2-3 राज्यों में बच गई है अब, मिजोरम की जनता की जिम्मेदारी है कि अब कांग्रेस की इस करप्शन वाली कल्चर का खात्मा करें।
बिजली की कटौती से परेशान लोग
मोदी ने कहा कि मिजोरम में सड़कों का ये हाल तब है जब मुख्यमंत्री खुद PWD के भी मंत्री हैं। बरसों से PWD मंत्रालय उन्हीं के पास है। सड़क के साथ-साथ बिजली की हालत भी खस्ता है और ये विभाग भी मुख्यमंत्री जी के पास है। गांव-गांव में लोग बिजली की कटौती से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि भारत का संपूर्ण विकास तभी संभव है जब हमारा ये पूर्वी हिस्सा विकसित होगा।
मिजारेम में अकेले चुनाव लड़ रही है भाजपा
बता दें कि मिजोरम की 40 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में 28 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। भारतीय जनता पार्टी यहां पर अकेले ही चुनाव लड़ रही है। वहीं कांग्रेस 2008 से यहां की सत्ता पर काबिज है। कांग्रेस लगातार तीसरी जीत पर नजर बनाए हुए है। मौजूदगी विधानसभा में उनके 34 विधायक हैं जबकि एमएनएफ के पांच और मिजोरम पीपुल्स कॉन्फ्रेंस का एक विधायक है।