
ब्यूरो रिपोर्ट समाचार भारती-
नई दिल्ली: कांग्रेस के 134वें स्थापना दिवस के मौके पर शुक्रवार को पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने ध्वजारोहण किया और केक काटकर जश्न मनाया। गांधी वरिष्ठ नेताओं के साथ पार्टी मुख्यालय पहुंचे और पार्टी के ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल हुए। ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ मिलकर केक काटा।
कांग्रेस के स्थापना दिवस कार्यक्रम के मौके पर पार्टी के कोषाध्यक्ष अहमद पटेल, वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा, संगठन महासचिव अशोक गहलोत तथा कई अन्य नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘कांग्रेस के स्थापना दिवस के मौके पर हम उन करोड़ों कार्यकर्ताओं, पुरुषों एवं महिलाओं की निःस्वार्थ सेवा और योगदान का जश्न मनाते हैं एवं उन्हें स्वीकार करते हैं जिन्होंने वर्षों तक पार्टी के निर्माण एवं इसके बने रहने में मदद की। हम नेपथ्य के इन नायकों के प्रति आभार और सम्मान प्रकट करते हैं। मैं इन सभी को सलाम करता हूं।’
कार्यक्रम के बाद अहमद पटेल ने ट्वीट कर कहा, ‘133 साल पहले आज ही के दिन दुनिया का सबसे बड़ा जनांदोलन शुरू हुआ था। इसके बाद से यह आंदोलन राष्ट्र निर्माण के प्रति खुद को समर्पित रखे हुए है।’
उन्होंने कहा, ‘इतिहास गवाह है कि जिन्होंने भी इस आंदोलन को खत्म करने की कोशिश की वे खुद इतिहास बन गए। यह आंदोलन कांग्रेस है।’
गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी की स्थापना 28 दिसंबर 1885 को हुई थी। कांग्रेस पार्टी की स्थापना अवकाश प्राप्त आईसीएस अधिकारी एओ ह्यूम ने थियोसोफिकल सोसायटी के मात्र 72 राजनीतिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से की थी।