नई दिल्ली। 8 पुलिस कर्मियों की हत्या कर फरार हुये गैंगस्टर विकास दुबे के एनकाउंटर पर उठ रहे सवालों पर यूपी के उन्नाव से बीजेपी सांसद साक्षी महाराज ने कहा है कि उसके कनेक्शन का भी पर्दाफाश होगा। विकास दुबे के एनकाउंटर पर उठ रहे सवालों को लेकर साक्षी महाराज ने कहा कि पर्दाफाश तो होगा ही। विकास दुबे कल पैदा नहीं हुआ। सीएम योगी आदित्यनाथ ने सत्ता में आते ही उसे जेल में डाला था।
साक्षी महाराज ने कहा कि पिछले 30 सालों से विकास दुबे के अपराधों की पूरी लिस्ट थी। उसमें कौन-कौन से लोग दोषी हैं, वह सब सामने आएगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी में टिकट देकर विकास दुबे की पत्नी को चुनाव लड़ाया जाता है। बसपा और कांग्रेस ने क्या किया सब सामने आएगा।
बीजेपी सांसद ने कहा कि आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद जब विकास दुबे मिल नहीं रहा था तब तरह-तरह की बातें की जा रही थी। जब पकड़ा गया, भाग रहा था। पुलिस के ऊपर हमला किया तो पुलिस क्या उसकी आरती उतारती, नहीं। योगी आदित्यनाथ का नाम है अपराधियों का काल। जिस दिन से वह बैठे हैं उस दिन से अपराधियों का एनकाउंटर होता जा रहा है।
साक्षी महाराज ने कहा ‘‘मुझे लग रहा है कि यूपी में अब कोई भी अपराधी सही सलामत नहीं रहेगा। जिसका जहां स्थान है वह वहीं जाएगा। साक्षी महाराज ने अखिलेश यादव के बयान पर कहा कि उनके परिवार ने बहुत दिनों तक सत्ता भोगी है। इतने भारी बहुमत वाली सरकार पलटने का कोई दिवास्वप्न देख सकता है। इस पूरे घटनाक्रम में एसटीएफ के एक्शन और योगी की कार्यवाही की प्रशंसा होनी चाहिए। साक्षी महाराज ने प्रियंका गांधी के बयान पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि प्रियंका और कांग्रेस हाशिए पर जा रही है। इतना तो अख्तियार है ही प्रियंका गांधी को इसके अलावा कर ही क्या सकती हैं।
