वाराणसी। अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम पड़ाव में मंगलवार को धूमधाम से गुरू पूर्णिमा पर्व मनाया गया। बाबा गुरुपद संभव राम जी ने कहा कि लोकतंत्र बहुत अच्छा है लेकिन लोकतंत्र में चुनी हुई सरकारें केवल जातिगत राजनीति कर रही है। पहले जब हम स्कूल जाते थे हम सभी जाति के लोग एक साथ खाना खाते थे लेकिन आज हम जातियों में बंट कर रह गये हैं। उन्होंने कहा कि धर्म व मजहब में लोगों को बांट दिया गया है। हम जितना विश्वास कर रहे हैं, हमें उतना ही धोखा मिल रहा है।
बाबा गुरुपद संभव राम जी ने कहा कि आज के समय युवा भटक गया है। युवाओं को पता नहीं है कि उन्हें क्या करना है। फैशन के पीछे भागते हुए युवा अपनी संस्कृति को भूलते जा रहे हैं। नौजवान भटकाव में हैं, आगे की सोच उनके पास नहीं है। उन्हें कैसे रहना चाहिए। क्या करना चाहिए। इसक जानकारी नहीं है। उनका पहनावा भी ठीक नहीं है। बाबा गुरुपद संभव राम जी ने कहा कि हम लोग निकम्मा बनते जा रहे हैं। कोई काम नहीं करना चाहता है और बैठे-बैठे ही सारा पैसा मिल जाये। ऐसी सोच हो गयी है। बिना पुरुषार्थ के कुछ हासिल नहीं होता है। उन्होंने कहा कि कोयल रुपी आवाज होती है लेकिन उनका कर्म इसके विपरित होता है ऐसे लोग हमें ठग रहे हैं। मधुर बोलने वाले कपटी लोगों से बच कर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकारें हमेशा ही चिकित्सकों की कमी की बात बताती है लेकिन मिलावट रोकने पर सरकार कुछ नहीं कहती है यदि सरकारें मिलावट को रोक दे तो कई सारी बीमारी अपने आप ही खत्म हो जायेगी। इस अवसर पर भोलानाथ सिंह, पूर्व नगर विकास सचिव एमपी सिंह, स्वास्थ्य विभाग के पूर्व अपर निदेशक डा.वीपी सिंह, रिटायर न्यायमूर्ति आर सी दीपक, केरल के पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त किये।
