छत्तीसगढ़ : त्रिपुरा का राज्यपाल बनने के बाद पहली बार रायपुर पहुंचे रमेश बैस, दी ऐसी प्रतिक्रिया

By | August 18, 2019

रायपुर। त्रिपुरा के राज्यपाल पद की शपथ लेने के बाद पहली बार राजधानी पहुंचे रमेश बैस का भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर कार्यकर्ता फूल माला और ढोल नगाड़े के साथ पहुंचे थे। सांसद सुनील सोनी ने राज्यपाल रमेश बैस की अगुवानी की।

भावुक होकर बैस ने कहा कि कई कार्यकर्ता फोन करके कहते हैं कि आपके राज्यपाल बनने के बाद यहां(रायपुर में) राजनीतिक शून्यता आ गई है।

29 जुलाई को बैस को त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में त्रिपुरा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय करोल ने पद की शपथ दिलाई थी। राज्यपाल का संवैधानिक पद संभालने से पहले उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। बैस ने मीडिया से चर्चा में कहा कि त्रिपुरा और छत्तीसगढ़ में काफी समानता है। त्रिपुरा के लोग भी छत्तीसगढ़ की तरह धार्मिक भावना वाले हैं।

त्रिपुरा के विकास को लेकर राज्यपाल बैस ने कहा कि वहां शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में काफी काम करने की गुंजाइश है। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री से इस मामले पर विचार विमर्श किया गया है। त्रिपुरा में किस चीज को सबसे ज्यादा याद करते हैं के जवाब में बैस ने कहा कि यहां के कार्यकर्ताओं को सबसे ज्यादा मिस करता हूं। कार्यकर्ता आज भी फोन करके अपनी समस्याओं को बताते हैं। मैं वहीं से फोन पर समाधान कराने की कोशिश करता हूं।

प्रदेश की भूपेश सरकार द्वारा ओबीसी का आरक्षण बढ़ाने के सवाल पर बैस ने कहा कि मैं संवैधानिक पद पर हूं। इस मुद्दे पर मेरा कुछ भी कहना उचित नहीं है।

Category: Uncategorized

Leave a Reply