जल जीवन मिशन से जुड़े सभी कार्यों को जल्द पूरे करने के निर्देश

By | May 8, 2022

 

 

ब्यूरो रिपोर्ट लखनऊ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने जल जीवन मिशन के अन्तर्गत लम्बित कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि जल जीवन मिशन के अन्तर्गत संचालित कार्यों का नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित किया जाए। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि संचालित कार्य निर्धारित समय सारिणी एवं मानकों के अनुरूप पूर्णता की ओर बढ़ें।

निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा होने पर लागत में कमी आती है और जनता को समय से विकास योजनाओं का लाभ मिलता है। उन्होंने कहा कि बुन्देलखण्ड क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएं संचालित हो रही हैं। इनका नियमित अनुश्रवण मुख्य विकास अधिकारी एवं ए0डी0एम0 नमामि गंगे द्वारा किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री जी आज आयुक्त सभागार, झांसी में झांसी मण्डल के विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हर स्तर के अधिकारी नियमित रूप से प्रातः 10 से 11 बजे के बीच अपने कार्यालय में उपस्थित रहकर जनसमस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई करें। सभी जनप्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद बनाकर रखा जाए तथा उन्हें महत्वपूर्ण परियोजनाओं के सम्बन्ध में जानकारी भी प्रदान की जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी और कर्मचारी अपनी तैनाती स्थल पर प्रवास करें। तहसील, ब्लॉक एवं पंचायत स्तर पर तैनात कर्मी वहीं रहना सुनिश्चित करें।