लखनऊ। देश की संसद की तरह यूपी के विधान भवन में भी प्लास्टिक के इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई है। विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्लास्टिक के इस्तेमाल को पूरी तरह से बंद करने के सुझाव के क्रम में यह निर्देश दिए हैं।
विधानसभा अध्यक्ष के निर्देशों के अनुरूप उत्तर प्रदेश विधान सभा के प्रमुख सचिव, प्रदीप कुमार दुबे ने कार्यालय ज्ञापन जारी करते हुए निर्देश जारी किया है कि उत्तर प्रदेश विधान सभा सचिवालय व विधान भवन परिसर में प्लास्टिक की बोतलों और प्लास्टिक से बनी अन्य चीजों का उपयोग पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि विधान सभा में कार्यरत सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यह निर्देश जारी कर दिया गया है कि प्लास्टिक के समान के बजाय पर्यावरण के अनुकूल थैलों या समान का उपयोग किया जाय। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू की गई है।
