रायपुर। राज्य सरकार ने बुधवार को 11 आईएएस अफसरों के तबादले किये हैं। इनमें अधिकांश 2007-08 बैच के और सरकारी उपक्रमों के एमडी इधर से उधर किए गए हैं। हाउसिंग बोर्ड, नान, पर्यटन मंडल और मार्कफेड में नए एमडी और आयुक्त पदस्थ किए गए हैं। इनमें से एक आयुक्त बदलने विभागीय मंत्री दो माह पहले ही सीएम बघेल से आग्रह कर चुके थे। इन्हें जनवरी में ही कलेक्टरी से हटाकर आयुक्त बनाया गया था।
जीएडी से जारी आदेशानुसार गृनिमं की आयुक्त शम्मी आबिदी को प्रबंध संचालक मार्कफेड और भीम सिंह को आयुक्त हाउसिंग बोर्ड बनाया गया है। भीम सिंह अभी पर्यटन के एमडी थे। पिछले 4 महीनों में यह उनका तीसरा तबादला है। आबिदी के पदभार लेने के बाद से मो. कैसर हक मार्कफेड से मुक्त होंगे। वहीं उप सचिव खनिज इफ्फत आरा को टूरिज्म का नया एमडी बनाया गया है।
महादेव कांवरे को खनिज विभाग का संयुक्त सचिव बनाया गया है। हिमशिखर गुप्ता आयुक्त उच्च शिक्षा और मिशन संचालक रामाशिमि अब संचालक प्रशासन अकादमी होंगे। शारदा वर्मा संयुक्त सचिव वित्त के साथ साथ आयुक्त उच्च शिक्षा और मिशन संचालक रामाशिमि का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
इसके साथ पूरा उच्च शिक्षा सचिवालय महिला अफसर चलाएंगी। विपिन मांझी संयुक्त सचिव एमडी अंत्यावसायी विकास निगम और वक्फ सर्वे आयुक्त का काम भी देखेंगे। उप सचिव वन भोसकर विलास संदिपन अब उप सचिव आवास पर्यावरण भी होंगे। सुधाकर खलको संचालक ग्रामोद्योग और एमडी हस्तशिल्प विकास बोर्ड और माटीकला बोर्ड पदस्थ किए गए हैं। सीईओ जिला पंचायत जशपुर राजेंद्र कटारा अब अपर कलेक्टर रायगढ़, अमृत तोपनो सीईओ जिला पंचायत नारायणपुर को महाप्रबंधक नान होंगे।
राज्य प्रशासनिक सेवा के भी 5 बदले
सरकार ने राज्य प्रशासनिक सेवा के भी 5 अधिकारियों का तबादला किया है। इनमें जिला पंचायत बालोद के सीईओ बिशेलाल गजपाल को संभागीय आयुक्त कार्यालय दुर्ग के उपायुक्त बने हैं। दंतेवाड़ा के संयुक्त कलेक्टर प्रेम कुमार पटेल को जिला पंचायत नारायणपुर सीईओ, नान के प्रबंधक हरिकृष्ण शर्मा को जिला पंचायत मुंगेली सीईओ वहां से लोकेश कुमार को बालोद जिला पंचायत सरगुजा के अपर कलेक्टर खगेश्वर सिंह मंडावी को जिला पंचायत जशपुर का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है |
सरकार ने बढ़ाई तबादलों की डेट, अब 23 तक हो सकेंगे
राज्य सरकार ने राज्य स्तर पर होने वाले तबादले की समायवधि में बढ़ा दी है। अब तबादले 23 अगस्त तक हो सकेंगे। सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागों, डायरेक्टरों, कमिश्नरों व कलेक्टरों को स्थानांतरण समायावधि में बढ़ोत्तरी को लेकर निर्देश दिया गया है कि वो नयी तारीखों केअनुसार क्रियान्वयन करे। पूर्व में 14 अगस्त तक ही तबादला किया जाना था। 15 जुलाई से लेकर 14 अगस्त तक होने वाले तबादले में बढ़ोत्तरी करते हुए उसे अब 23 अगस्त तक के लिए बढ़ा दिया गया है। मंत्रियों के पास हजारों की तादाद में आए आवेदनों के निराकरण में हो रही देरी को देखते हुए कल कैबिनेट ने तिथि बढ़ाने की अनुमति दी थी। सर्वाधिक आवेदन वन,स्कूल शिक्षा, पंचायत, कृषि जैसे विभागों में आए हैं। कई मंत्रियों ने तो आवेदन देने की भी मनाही कर दी थी। वहीं स्थानांतरण के क्रियान्वयन की स्थिति में वेबसाइट में अपलोड करने की तारीख भी 31 अगस्त से बढ़ाकर 7 सितंबर तक कर दिया गया है। तबादला नीति में इसके अलावा किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया गया है।
जानिए किसकी कहां हुई पदस्थापना
| अफसर | नया पद |
| शम्मी आबिदी | एमडी मार्कफेड |
| मो. कैसर अब्दुल हक | संयुक्त सचिव ऊर्जा |
| हिमशिखर गुप्ता | संचालक प्रशासन अकादमी |
| भीम सिंह | आयुक्त गृह निर्माण मंडल |
| महादेव कावरे | संयुक्त सचिव खनिज |
| शारदा वर्मा | आ. उच्च शिक्षा व मि. सं. रूसा |
| बिपिन मांझी | सं. सचिव आदिम जाति, एमडी अंत्या. वित्त, आयुक्त वक्फ |
| भोसकर विलास संदीपन | उप सचिव वन एवं आवास/पर्यावरण |
| इफ्फत आरा | एमडी पर्यटन मंडल |
| सुधाकर खलखो | सं. ग्रामोद्योग, एमडी ह. शि., माटीकला |
| राजेंद्र कुमार कटारा | अपर कलेक्टर रायगढ़ |
| अमृत विकास तोपनो | महाप्रबंधक नान |
