भारत निर्वाचन आयोग ने 139-गोला गोकरननाथ विधानसभा क्षेत्र में उप निर्वाचन के लिए तय की समयसीमा

By | October 4, 2022

 

ब्यूरो रिपोर्ट लखनऊः 

भारत निर्वाचन आयोग ने 139-गोला गोकरननाथ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के उप निर्वाचन-2022 कराये जाने हेतु समय सीमा निर्धारित कर दी है। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उ0प्र0 श्री चन्द्रशेखर ने यह जानकारी दी।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के तहत रिक्त हुए विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र हेतु 07 अक्टूबर, 2022 (शुक्रवार) को नाम निर्देशन की अधिसूचना जारी की जायेगी। 14 अक्टूबर, 2022 (शुक्रवार) नाम निर्देशन की अंतिम तिथि निर्धारित की गयी है। 15 अक्टूबर, 2022 (शनिवार) को नाम निर्देशनों की जांच, 17 अक्टूबर, 2022 (सोमवार) को नाम वापसी की अंतिम तिथि निर्धारित की गयी है। 03 नवम्बर, 2022 (वृहस्पतिवार) को मतदान सम्पन्न होगा तथा 06 नवम्बर, 2022 (रविवार) को मतगणना होगी। उन्होंने कहा कि 08 नवम्बर (मंगलवार) से पूर्व उप निर्वाचन की प्रक्रिया को सम्पन्न करा लिया जायेगा।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 139- गोला गोकरननाथ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में उप निर्वाचन-2022 के संदर्भ में जनपद खीरी में आदर्श आचार संहिता के सुसंगत प्राविधान आज दिनांक 03 अक्टूबर से लागू हो गये हैं।