ब्यूरो रिपोर्ट:
मुख्यमंत्री अपने सरकारी आवास पर टीम-9 की बैठक में प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। ने कहा कि 23 जनवरी, 2022 को प्रस्तावित शिक्षक पात्रता परीक्षा (टी0ई0टी0) को सुचारु रूप से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबन्ध किए जाएं। यदि कोई कोविड पॉजिटिव अभ्यर्थी परीक्षा देने का इच्छुक हो तो उसके लिए पृथक कक्ष की व्यवस्था की जाए।
प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर एक कोविड केयर सेन्टर की स्थापना की जाए। संदिग्ध एवं अराजक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाए। उन्होंने कहा पेपर लीक जैसी किसी भी प्रकार की घटना स्वीकार नहीं की जाएगी। पेपर लीक होने पर सम्बन्धित जिलाधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, परीक्षा केन्द्र प्रभारी सहित सभी की जिम्मेदारी तय होगी।
बैठक में मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि पिछले 24 घण्टों में राज्य में कोरोना संक्रमण के 18,554 नए मामले सामने आए हैं। इस अवधि में 19,328 व्यक्तियों को सफल उपचार के उपरान्त डिस्चार्ज किया गया। वर्तमान में प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 97,329 है। पिछले 24 घण्टे में प्रदेश में 02 लाख 47 हजार 845 कोरोना टेस्ट किए गए।
अब तक राज्य में 09 करोड़ 72 लाख 21 हजार 272 कोविड टेस्ट सम्पन्न हो चुके हैं। राज्य में गत दिवस तक 24 करोड़ 85 हजार से अधिक कोरोना वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी हैं। 09 करोड़ 14 लाख 90 हजार से अधिक लोगों को टीके की दोनों डोज देकर कोविड सुरक्षा कवच प्रदान किया जा चुका है।
विगत दिवस तक 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के 66 लाख 86 हजार से अधिक किशोरों ने टीका कवर प्राप्त कर लिया है, जो टीकाकरण के पात्र किशोरों की आबादी का 47.71 प्रतिशत है। इसी प्रकार 05 लाख 88 हजार से अधिक पात्र लोगों ने प्रिकॉशन डोज भी प्राप्त कर ली है।
