नई दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने नीट परीक्षा के फॉर्म में गलतियां सुधारने और परीक्षा केंद्र के लिए शहर चुनने का एक आखिर मौका दिया है। अब इस परीक्षा में बैठने वाले छात्र अपने फॉर्म में 31 मई तक सुधार कर सकेंगे। यह कदम इसलिए उठाया गया है, ताकि छात्र जितना संभव हो उतना नजदीक सेंटर चुन सकें, क्योंकि कोरोना संकट के बीच दूसरे शहर आना-जाना आसान नहीं होगा।
देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 82 हजार 789 हो गई है। शुक्रवार को दिल्ली में 425, राजस्थान में 154, आंध्रप्रदेश में 102, कर्नाटक में 45, बिहार में 6, पंजाब में 2, और हिमाचल प्रदेश में 1 मरीज मिला। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के आधार पर हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 81 हजार 970 संक्रमित हैं। 51 हजार 401 का इलाज चल रहा है। 27 हजार 919 ठीक हो चुके हैं, जबकि 2649 की मौत हुई है।
अपडेट्स…
- सुप्रीम कोर्ट ने सरकारों से जवाब मांगा: सुप्रीम कोर्ट ने सॉलिसिटर जनरल को निर्देश दिया है कि वे महाराष्ट्र और उत्तरप्रदेश सरकार की ओर से हलफनामा दायर करें। इसमें बताया जाए कि संबंधित सरकारों ने गृह राज्यों की यात्रा पर जा रहे प्रवासी मजदूरों की मदद के लिए अफसरों की नियुक्ति को लेकर क्या कदम उठाए हैं।
- सेना के मुख्यालय में संक्रमित मिला: दिल्ली में सेना के मुख्यालय सेना भवन में एक कोरोना संक्रमित और एक संदिग्ध मिला है। इसके बाद इस इमारत के एक फ्लोर के एक हिस्से को सैनिटाइजेशन के लिए बंद कर दिया गया।
- 95 की उम्र में कोरोना को मात दी: महाराष्ट्र के सांगली में 95 साल की कोरोना संक्रमित ठीक हो गईं। गुरुवार को सांगली के मिराज हॉस्पिटल से उनकी छुट्टी की गई।
- मालदीव से रवाना होगा आईएनएस जलाश्व: ऑपरेशन समुद्र सेतु के तहत आज आईएनएस जलाश्व मालदीव की राजधानी माले से 700 भारतीयों को लेकर कोच्चि के लिए रवाना होगा। उधर, रेलवे ने जानकारी दी है कि गुरुवार को 145 श्रमिक स्पेशल ट्रेन चलाई गईं। इनसे 2 लाख 10 हजार मजदूरों ने सफर किया।
5 दिन जब संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले आए
| दिन | मामले |
| 10 मई | 4311 |
| 14 मई | 3943 |
| 13 मई | 3725 |
| 04 मई | 3656 |
| 11 मई | 3610 |
26 राज्य, 7 केंद्र शासित प्रदेशों में फैला संक्रमण
कोरोनावायरस संक्रमण देश के 26 राज्यों में फैला है। 7 केंद्र शासित प्रदेश भी इसकी चपेट में हैं। इनमें दिल्ली, चंडीगढ़, अंडमान-निकोबार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पुडुचेरी और दादर एंड नगर हवेली शामिल हैं।
| राज्य | कितने संक्रमित | कितने ठीक हुए | कितनी मौत |
| महाराष्ट्र | 27524 | 6059 | 1019 |
| तमिलनाडु | 9674 | 2240 | 66 |
| गुजरात | 9592 | 3753 | 586 |
| दिल्ली | 8895 | 3045 | 115 |
| राजस्थान | 4688 | 2677 | 125 |
| मध्यप्रदेश | 4426 | 2171 | 237 |
| उत्तरप्रदेश | 3902 | 2072 | 88 |
| पश्चिम बंगाल | 2377 | 768 | 215 |
| आंध्रप्रदेश | 2307 | 1252 | 48 |
| पंजाब | 1942 | 223 | 32 |
| तेलंगाना | 1414 | 952 | 34 |
| कर्नाटक | 1032 | 460 | 35 |
| बिहार | 1005 | 425 | 7 |
| जम्मू-कश्मीर | 983 | 485 | 11 |
| हरियाणा | 818 | 439 | 11 |
| ओडिशा | 672 | 166 | 3 |
| केरल | 561 | 493 | 4 |
| झारखंड | 203 | 87 | 3 |
| चंडीगढ़ | 191 | 37 | 3 |
| त्रिपुरा | 156 | 29 | 0 |
| असम | 87 | 40 | 2 |
| उत्तराखंड | 79 | 50 | 1 |
| हिमाचल प्रदेश | 75 | 35 | 3 |
| छत्तीसगढ़ | 60 | 56 | 0 |
| लद्दाख | 43 | 22 | 0 |
| अंडमान-निकोबार | 33 | 33 | 0 |
| पुडुचेरी | 16 | 9 | 0 |
| गोवा | 15 | 7 | 0 |
| मेघालय | 13 | 11 | 1 |
| मणिपुर | 3 | 2 | 0 |
| अरुणाचल प्रदेश | 1 | 1 | 0 |
| दादर एंड नगर हवेली | 1 | 1 | 0 |
| मिजोरम | 1 | 1 | 0 |
ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 81 हजार 970 हैं। 51 हजार 401 का इलाज चल रहा है। 27 हजार 919 ठीक हो चुके हैं, जबकि 2649 मरीजों की मौत हुई है।
5 राज्य और 1 केंद्र शासित प्रदेश का हाल
- मध्यप्रदेश, संक्रमित- 4426: मध्य प्रदेश में 18 मई से लॉकडाउन फेज-4 शुरू होगा। बताया जा रहा है कि यह 31 मई तक जारी रह सकता है। राज्य सरकार ने इसकी रणनीति तैयार कर ली है। इसे अंतिम रूप देकर आज रात तक केंद्रीय गृह मंत्रालय के पास भेज दिया जाएगा। फेज-4 में बाजारों को ऑड और ईवन के फाॅर्मूले से खोला जा सकता है। धार्मिक स्थानों पर प्रतिबंध 31 मई तक लागू रहेगा।
- महाराष्ट्र, संक्रमित- 27524: मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन, पुणे, सोलापुर, औरंगाबाद और मालेगांव जैसे हॉट स्पॉट इलाकों में लॉकडाउन 31 मई तक बढ़ा दिया गया है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, यह फैसला इन इलाकों में बढ़ रहे संक्रमण और मृत्यु के आंकड़ों को देखते हुए लिया गया है। राज्य में अब कोरोना से हर 2 दिनों में लगभग 100 लोगों की मौत हो रही है।

- उत्तरप्रदेश, संक्रमित- 3902: यहां पिछले 24 घंटे में 147 संक्रमित मिले। प्रदेश में अब तक 2072 कोरोना संक्रमित ठीक हो चुके हैं। इधर, लॉकडाउन के बीच संत शेाभन सरकार के अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले 4200 अज्ञात लोगों के खिलाफ महामारी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

- राजस्थान, संक्रमित- 4688: यहां शुक्रवार को 154 कोरोना संक्रमित मिले। इनमें कोटा में 48, उदयपुर में 38, जोधुपर में 12, पाली में 13, जयपुर में 11, बीएसएफ कैम्प में 6, जालोर में 5, राजसमंद और सीकर में 3-3, अजमेर, जैसलमेर और चूरू में 2-2, जबकि चित्तौड़गढ़, भरतपुर, बाड़मेर, डूंगरपुर, बारां, करौली, झुंझुनू और दौसा में 1-1 मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
- दिल्ली, संक्रमित- 8895: यहां शुक्रवार को संक्रमण के 425 मामले सामने आए।उधर,दिल्ली की जनता ने केजरीवाल सरकार को लॉकडाउन के स्वरूप पर 5 लाख से ज्यादा सुझाव दिए हैं। इनमें मास्क पहनना अनिवार्य करने और सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखने पर जोर दिया गया है। लोगों ने सीमित क्षमता के साथ बसों और मेट्रो की आवाजाही शुरू करने और 25% या 50% मॉल खोलने का भी सुझाव दिया है।

यह तस्वीर दिल्ली की है। तपती दोपहर में बच्चों के साथ गाजीपुर की सीमा पर यह मजदूर परिवार कुछ देर सुस्ताने के लिए ठहरा है।
- बिहार, संक्रमित- 1005: यहां शुक्रवार को 6 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनमें से 5 मरीज खगड़िया में और 1 सीवान में मिला। बिहार में 3 मई के बाद दूसरे राज्यों से आने वालों में से 7500 लोगों के सैंपल की जांच हुई है। इनमें 352 संक्रमित मिले हैं। सबसे अधिक दिल्ली से आए 114 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। इनके अलावा गुजरात से लौटे 97, महाराष्ट्र से लौटे 66, पश्चिम बंगाल से लौटे 22, हरियाणा से लौटे 17 और उत्तरप्रदेश से लौटे 13 लोग संक्रमित मिले।
