
(रिपोर्ट-अदिति मिश्रा)
जौनपुर, 02 जनवरी । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की करमत कार्यकर्ता हृदयनाथ सिंह का आज लखनऊ के डॉक्टर राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान चिकित्सा संस्थान में निधन हो गया। उनका शव को भारतीय जनता पार्टी के लखनऊ के कार्यालय पर ले जाया गया, जहां पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं बृजेश पाठक सहित कई नेताओं ने उनको श्रद्दांजलि दी। उनका अंतिम संस्कार जौनपुर जिले में गोमती नदी के इमिलिया घाट पर हुआ , जहां पर मुखाग्नि उनके पुत्र अजीत सिंह ने दी। श्री सिंह राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यकर्ता थे।
श्री सिंह पहले हरदोई और पीलीभीत में जिला प्रचारक रहे, उसके पश्चात अयोध्या व झांसी में विभाग प्रचारक के रूप में अपनी सेवा दे चुके थे , इसके साथ ही 1975 में देश में लगे आपातकाल के दौरान वह जेल गए थे और कई महीनो तक जेल में भी रहर। वह भारतीय जनता पार्टी में पहले ब्रज एवं अवध के क्षेत्रीय संघठन महामंत्री रहे उसके बाद वह झारखण्ड प्रदेश के संघठन महामंत्री रह चुके थे। वह राष्ट्रीय किसान मोर्चा के राष्ट्रीय संगठक रहे। उनके निधन की सूचना मिलने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने उनके पुत्र अजीत सिंह को पत्र भेजकर दुःख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हृदय नाथ जी के निधन की सूचना मिलने पर अत्यंत दुःख हुआ। इस अपूरणीय क्षति के समय में मैं और भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं की संवेदनाएं आपके और परिजनों के साथ हैं।
श्री नड्डा ने कहा कि हृदयनाथ जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भारतीय जनता पार्टी को समर्पित था। संगठन को घर-घर तक पहुंचाने में उनका अथक प्रयास, कार्यकर्ताओं के सम्भाले रखने की उनकी शैली तथा पार्टी के प्रति अंतिम सांस तक समर्पण हम सभी कार्यकर्ताओं का सदैव मार्गदर्शन करता रहेगा। इस दुःख की घड़ी में मैं परमेश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें, साथ ही आपको एवं आपके परिवारजनों को इस दुःख से उबरने की शक्ति प्रदान करें।दिवंगत आत्मा की शांति की कामना के साथ विनम्र श्रद्धांजलि।
नड्डा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक, भारतीय जनता पार्टी के पूर्व क्षेत्रीय संगठन मंत्री हृदयनाथ सिंह का निधन अत्यंत पीड़ादायक है। आपका संपूर्ण जीवन जनसेवा व राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहा। आपकी कार्यकुशलता और संगठन के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणादायक है।”
श्री सिंह के गांव अमावा में श्रद्धांजिल देने शिव प्रकाश राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री भाजपा, अरूण सिंह राष्ट्रीय महामंत्री भाजपा, अनिल जैन जी मंत्री गण दयाशंकर सिंह, जेपीएस राठौर, गिरीश चन्द्र यादव, क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, क्षेत्रीय महामंत्री सुशील त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, जिलाध्यक्ष सुल्तानपुर आर ए वर्मा, राजेश गौतम विधायक कादीपुर, पूर्व विधायक देवमणि दिवेदी, सुरेन्द्र प्रताप सिंह, दिनेश चौधरी, जिला महामंत्री सुशील मिश्रा, पीयूष गुप्ता, संदीप सरोज, अनीता रावत बेचन सिंह, विनीत शुक्ला, आदि उपस्थित रहे।