*अयोध्या।*
मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र रविवार की सुबह राम नगरी पहुंचे। उन्हें प्रोटोकाल के अनुरूप सरयू अतिथि गृह के सामने गार्ड आफ आनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने अनेक विभागों के सचिव और मंडल एवं जिला के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों के साथ निरीक्षण शुरू किया। शुरुआत उन्होंने सरयू के घाटों से लेकर राम पैड़ी और राम कथा पार्क से की।यह वही स्थल हैं जहां 23 अक्टूबर को दीपोत्सव मनाया जाएगा। इस बार 14 लाख दीप जलाए जाने का लक्ष्य रखा गया है और इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए 14 लाख दीप जलाए जाने हैं। इतनी बड़ी संख्या में दीप जलाए जाने को लेकर अभी से ही तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। दीपोत्सव का आरंभ राम कथा पार्क में श्री राम के राजतिलक की प्रस्तुति से होता है। लेकिन दीपों का प्रज्जवलन राम पैड़ी परिसर में होता है।इस दौरान पुण्य सलिला सरयू के घाट भी आस्था के केंद्र में होते हैं। जहां राम पैड़ी परिसर में लाखों दीपों को जलाना और उनकी जगमग बनाए रखना व्यवस्था की दृष्टि से व्यापक प्रयास का उदाहरण होता है। वहीं सरयू के घाटों और राम कथा पार्क का सुंदरीकरण वहां की सामान्य व्यवस्था एवं भीड़ नियंत्रण भी चुनौतीपूर्ण होता है। इस चुनौती के परिप्रेक्ष्य में मुख्य सचिव शीर्ष प्रशासनिक अमले के साथ काफी देर तक क्षेत्र का भ्रमण करते रहे और मातहतों को आवश्यक निर्देश देते रहे।उनके दौरे के दौरान मीडिया कर्मियों को दूर रखा गया था। बता दें कि इन दिनों हजारों करोड़ की लागत से अयोध्या के कायाकल्प की परियोजनाएं संचालित हैं। मुख्य सचिव मध्यान्ह तक इन स्थलों और विकास कार्यों का भी जायजा लेंगे और अपरान्ह विकास भवन में विकास कार्यों की स्थानीय अधिकारियों के साथ समीक्षा करेंगे।
