लोकरंग सांस्कृतिक उत्सव महोत्सव का शुभारंभ : जालौन

By | March 12, 2024

(ब्यूरो रिपोर्ट, समाचार भारती)

जालौन.   विलुप्त हो रही भारतीय लोक संस्कृति के संरक्षण एवं उन्नति के लिए विजन आईएएस और पारस इंडिया संस्था द्वारा आयोजित लोकरंग सांस्कृतिक उत्सव महोत्सव का शुभारंभ आज जालौन के उरई स्थित टाउन हॉल के मैदान में हुआ। जालौन के जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोक रंग संस्कृति को बढ़ावा देना है। इसमें विभिन्न प्रदेशों के कलाकार अपनी प्रस्तुति देने पहुंचे हैं। सोमवार से टाउन हाल में शुरू हुये इस लोकरंग सांस्कृतिक उत्सव में पहले दिन बुंदेलखंड की लोक संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इनमें लोकगीत बुंदेली वानी, कार्तिक गीत, बुंदेलखंड से जुड़ी कलाकृतियाँ और झांसी की रानी लक्ष्मीबाई का नाटक शामिल था।

इस कार्यक्रम में पहुंची जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने कहा कि पारस इंडिया संस्था और विजन आईएएस द्वारा इसका आयोजन किया जा रहा है, जिससे बुंदेलखंड की लोक कला संस्कृतियों को बढ़ावा दिया जा सके। उन्होंने कहा कि यह दो दिवसीय कार्यक्रम है, जिसमें छात्र-छात्राओं, ग्रामीणों और समाज से जुड़े हुए हर वर्ग के लिए कार्यक्रम, लोक कला और संस्कृति के माध्यम से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों में एक प्रतियोगात्मक भाव हो, उनमें पठन-पाठन का अच्छे से संचार हो और समन्वय रहे, इसीलिए विजन आईएएस और पारस संस्था द्वारा कल्चरल एक्टिविटीज कार्यक्रम कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह बहुत अच्छा प्रयास है, इससे हमारे बुंदेलखंड के कई जिले के लोग लाभान्वित होंगे।

यह कार्यक्रम भारतीय लोक संस्कृति के संरक्षण और उन्नति के लिए एक महत्वपूर्ण प्रयास है।