
(ब्यूरो रिपोर्ट समाचार भारती)
मूल्यांकनों में रैंकिंग उन्नयन और उपलब्धिपरक ग्रेड प्राप्त करना प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण
सफलता के पीछे कड़ी मेहनत
यह उपलब्धि प्रदेश के अन्य विश्वविद्यालयों के लिए प्रेरक
– राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल
राज्यपाल के समुचित दिशा-निर्देशों और मैराथन प्रयासों से प्रदेश के उच्च शिक्षण संस्थानों ने हासिल की गौरवपूर्ण उपलब्धियां
लखनऊ
प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने आज छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग, शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार, नई दिल्ली द्वारा 13 फरवरी, 2024 को आयोजित अपनी बैठक में किए गए मूल्यांकन में श्रेणी-1 विश्वविद्यालय का ग्रेड दिए जाने पर हार्दिक बधाई देते हुए निरंतर उन्नयन के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने संदेश में कहा है कि छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय द्वारा हाल ही में उत्कृष्ट सी0जी0पी0ए0 3.57 हासिल करते हुए नैक में भी उच्चतम ग्रेड ए प्लस प्लस हासिल किया गया था। मूल्यांकनों में रैंकिंग उन्नयन करना और उपलब्धिपरक ग्रेड प्राप्त करना प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मूल्यांकनों में उपलब्धिपरक सफलताओं के पीछे गुणवत्ता सुधार के लिए निरंतर कड़ी मेहनत होती है, जिससे विश्वविद्यालय की क्षमताओं में वृद्धि होती है। निरंतर किए गए प्रयासों से ही विश्वविद्यालय को बेहतर श्रेणी मिलती है, जिसका सीधा लाभ उस विश्वविद्यालय में शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थियों को हासिल होता है। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में गुणवत्ता सुधार के लिए मूल्यांकन महत्वपूर्ण है। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर की इस उपलब्धि को राज्यपाल जी ने अन्य विश्वविद्यालयों के लिए प्रेरक बताया। उन्होंने राज्य के अन्य विश्वविद्यालयों को अपनी गुणवत्ता में निरंतर वृद्धि करने और उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित किया है।
यहाँ बताते चलें कि प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल जी द्वारा राज्य विश्वविद्यालयों में गुणवत्ता सुधार के साथ राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट रैंकिंग के लिए न केवल प्रोत्साहित किया गया अपितु निरंतर समीक्षा बैठकों और स्थलीय निरीक्षण के माध्यम से व्यापक दिशा-निर्देश भी दिया गया, जिसके परिणाम स्वरूप अब तक प्रदेश के 10 राज्य विश्वविद्यालय नैक के उच्चतम ग्रेड ‘ए प्लस प्लस‘, ‘ए प्लस‘ तथा ‘ए‘ ग्रेड प्राप्त कर प्रगति की दिशा में अग्रसर हैं। इसके अतिरिक्त क्यू0एस0 साउथ एशिया रैंकिंग-2024 में भी नैक में ‘ए प्लस प्लस‘ प्राप्त लखनऊ विश्वविद्यालय तथा दो अन्य विश्वविद्यालय दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय, गोरखपुर और चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ ने उल्लेखनीय स्थान हासिल कर साउथ एशिया के विश्वविद्यालयों में उत्कृष्टता स्थापित की है। एन0आई0आर0एफ0 में भी प्रदेश के छह विश्वविद्यालयों ने उल्लेखनीय स्थान प्राप्त किया।
अब छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर ने निरंतर प्रगति की ओर कदम बढ़ाते हुए यू0जी0सी0 द्वारा कैटेगरी-1 का जो दर्जा हासिल किया है, उससे विश्वविद्यालय को एकेडमिक तथा एडमिनिस्ट्रेटिव ऑटोनामी प्राप्त होगी। विश्वविद्यालय यू0जी0सी0 की मंजूरी के बिना स्वायत्तता के आयाम के तहत सभी हितलाभों के लिए पात्र होगा।
यहाँ बताते चलें कि यू0जी0सी0 देश भर के विश्वविद्यालयों को उनके राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शन के अनुसार और राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय विविध रैंकिंग के अनुसार विभिन्न श्रेणियों में रैंकिंग तय करता है, जिसमें लखनऊ विश्वविद्यालय, लखनऊ के बाद अब छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर को उत्तर प्रदेश में श्रेणी-1 विश्वविद्यालय की रैंकिंग प्राप्त हुई है।