ब्यूरो रिपोर्ट समाचार भारती-
नई दिल्ली – प्रति व्यक्ति सबसे अधिक डिजिटल लेनदेन करने वाला चंडीगढ़ देश में नंबर वन है। चंडीगढ़ को डिजिटल पेमेंट्स ट्रांजेक्शन में प्रति व्यक्ति 18.5 स्कोर मिला है। यह दूसरे नंबर पर रहे आंध्रप्रदेश से 10 प्वाइंट अधिक है। आंध्रप्रदेश को प्रति व्यक्ति 7.9 स्कोर मिला है।
नेशनल पेमेंट कार्पोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआइ) ने देश के सभी राज्यों और यूटी का यह स्कोर जारी किया है। हरियाणा 5.6 स्कोर के साथ तीसरे नंबर पर है, जबकि 3.7 स्कोर के साथ महाराष्ट्र चौथे नंबर पर है। पंजाब तो इस सूची में काफी पीछे है। पंजाब का प्रति व्यक्ति डिजिटल पेमेंट ट्रांजेक्शन स्कोर 1 है।
पंजाब से पीछे केवल देशभर के नौ राज्य और केंद्र शासित प्रदेश हैं। केंद्र सरकार की डिजि पे वेबसाइट पर डैशबोर्ड पर हर सेकेंड डिजिटल ट्रांजेक्शन का डाटा अपडेट हो रहा है।
एनपीसीआई ने भीम, 99 हैश और रुपये कार्ड से पेमेंट के आधार पर यह आंकड़े जारी किए हैं। डिजिटल पेमेंट ट्रांजेक्शन की इस रैंकिंग के बाद गुरुवार को चंडीगढ़ प्रशासन होटल ताज में डिजिटल कान्क्लेव का आयोजन कराने जा रहा है। उसमें चंडीगढ़ ही नहीं देश भर से पॉलिसी मेकर्स, सीनियर अधिकारी मौजूद रहेंगे।
डिजिटल पेमेंट्स के साथ स्मार्ट सिटी पर भी सेशन होंगे। चंडीगढ़ ने डिजिटल इंडिया कैंपेन को सबसे तेजी से अपनाया है। यहां कैशलेस लेनदेन दिनों दिन बढ़ रहा है। पेट्रोल पंप व मॉल में सबसे ज्यादा डिजिटल ट्रांजेक्शन हो रही है। सूत्रों के अनुसार पेट्रोल पंप पर 60 प्रतिशत से अधिक डिजिटल पेमेंट हो रही हैं। पेमेंट एप्लीकेशन के साथ डेबिट-क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल हो रहा है।
